सत्ता खोने के दुख में भाजपा नेता कर रहे आधारहीन बयानबाजी लोक निर्माण एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शिमला से जारी प्रेस वक्तव्य में बीजेपी को घेरा।

Listen to this article

IBEX NEWS,शिमला।

लोक निर्माण एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज के उस वक्तव्य की कड़ी निंदा की है, जिसमें उन्होंने प्रदेश सरकार की तुलना पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार से की है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सुरेश भारद्वाज का यह वक्तव्य उनकी मानसिक स्थिति को प्रदर्शित कर रहा है। देवभूमि हिमाचल की लोकप्रिय सरकार की तुलना पाकिस्तान से करना अनैतिक और निंदनीय है। 
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने अपने वित्तीय कुप्रबन्धन से प्रदेश की आर्थिक स्थिति बदहाल कर दी थी। अब वर्तमान प्रदेश सरकार राज्य में वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए सशक्त प्रयास कर रही है। सरकार के यही सकारात्मक प्रयास भाजपा के नेताओं को रास नहीं आ रहे और वह अनाप-शनाप बयानबाजी कर लोगों को गुमराह करने की कोशिशें कर रहे हैं। 

उन्होंने आरोप लगाया है कि सत्ता से बेदखल होकर भाजपा नेता अब सुर्खियों में बने रहने के लिए आधारहीन और बेतुके बयान दे रहे हैं, जो न प्रदेश हित में और न ही राष्ट्रहित में हैं। प्रदेश सरकार ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लेकर प्रदेश के सभी वर्गों के समान विकास का मार्ग प्रशस्त किया है। 
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार अपने कार्यकाल के पहले चार वर्ष में जब कोई उपलब्धि अर्जित नहीं कर पाई तो उन्होंने अन्तिम छः माह में बिना बजट प्रावधान के 900 से अधिक नए संस्थान खोलकर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन प्रदेश की जनता बहुत समझदार है। जनता ने उन्हें दरकिनार कर कांग्रेस पार्टी को प्रदेश की बागडोर सौंपी है। प्रदेश कांग्रेस सरकार सशक्त नेतृत्व के साथ प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।