
केलांग, 13 जून 2025
IBEX NEWS,शिमला ।
जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में आगामी मानसून सीजन को दृष्टिगत रखते हुए आपदा प्रबंधन के दृष्टिकोण से तैयारियों की समीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन आज उपायुक्त कार्यालय के सभागार में किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) की अध्यक्ष किरण भड़ाना (भा.प्र.से.) ने की।
बैठक में उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों से एक-एक नोडल अधिकारी नामित कर उनकी जानकारी जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को शीघ्र उपलब्ध करवाएं, ताकि आपात स्थिति में समन्वित प्रयास सुनिश्चित किए जा सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि पूर्व में जिले में घटित आपदाओं के स्थलों की सूची तैयार की जाए और प्रत्येक संभावित आपदा स्थल के लिए त्वरित कार्य योजना (Action Plan) पूर्व से तैयार रखी जाए। उपायुक्त ने कहा कि जिन विभागों के पास सैटेलाइट फोन उपलब्ध हैं, उन्हें सक्रिय स्थिति में रखा जाए ताकि सामान्य संचार माध्यमों के विफल होने की स्थिति में सूचनाओं का आदान-प्रदान सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को मानसून से पूर्व सड़कों के किनारे की नालियों और जल प्रवाह चौनलों की सफाई, मशीनरी की कार्यशीलता सुनिश्चित करने तथा निजी क्षेत्र से मशीनों की उपलब्धता की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए ताकि मार्ग बाधित होने की स्थिति में शीघ्र बहाली संभव हो सके। उपायुक्त ने खंड विकास अधिकारियों को पंचायत प्रतिनिधियों को आपदा प्रतिक्रिया के प्रति जागरूक करने और प्रशिक्षित करने पर बल दिया। साथ ही डी.डी.एम.ए. को निर्देशित किया गया कि जिले की प्रमुख नदियों के जलस्तर की जानकारी दैनिक आधार पर केंद्रीय जल आयोग से प्राप्त की जाए। उन्होंने सीमा सड़क संगठन और लोक निर्माण विभाग से अनुरोध किया कि निर्माण कार्यों में कार्यरत श्रमिकों के टेंट नदियों और नालों के किनारे से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किए जाएं।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को जीवन रक्षक दवाओं, उच्च हिमालयी क्षेत्रों में प्रचलित बीमारियों की दवाएं एवं सर्पदंश रोधी औषधियां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। वहीं खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग को पर्याप्त खाद्यान्न भंडारण सुनिश्चित करने को कहा गया। उपायुक्त ने विद्युत विभाग को विद्युत लाइनों के समीपवर्ती पेड़ों की समय पर छंटाई कर निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए। जल शक्ति विभाग को मानसून के दौरान शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति के लिए समयबद्ध कदम उठाने को कहा गया। इसके अतिरिक्त, पुलिस, सीमा सड़क संगठन और लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए कि वे जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स व स्लिपरी पॉइंट्स पर एक माह के भीतर चेतावनी संकेतक बोर्ड स्थापित करें।
बैठक में मानसून से संबंधित अन्य विषयों पर भी गहन चर्चा की गई तथा सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में एसडीएम केलांग आकांक्षा शर्मा, एसडीएम उदयपुर अलीशा चौहान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रोशन लाल, खण्ड़ विकास अधिकारी डा. विवेक गुलेरिया सहित राजस्व, बागवानी, जल शक्ति, लोक निर्माण, विद्युत, शिक्षा, खाद्य आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




