
IBEX NEWS,शिमला
पवित्र मणिमहेश यात्रा के दौरान रविवार को एक और दुखद हादसा सामने आया। हडसर–मणिमहेश पैदल मार्ग पर सुंदरासी के पास अचानक पहाड़ी दरकने से दो श्रद्धालु भूस्खलन की चपेट में आकर मौके पर ही मौत के शिकार हो गए।
जानकारी के मुताबिक मृतकों में होशियारपुर (पंजाब) के सरवन सिंह और एक अन्य अज्ञात श्रद्धालु शामिल हैं। दोनों श्रद्धालु मणिमहेश डल झील में आस्था की डुबकी लगाने के बाद लौट रहे थे कि तभी हादसा हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर तैनात रेस्क्यू टीम तुरंत पहुंची और मलबे से शवों को बाहर निकालकर भरमौर ले जाया गया। शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस इन्हें परिजनों के हवाले करेगी।
गौरतलब है कि इस साल की मणिमहेश यात्रा में अब तक सात श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। इनमें से तीन श्रद्धालु अलग-अलग भूस्खलन की घटनाओं में, एक श्रद्धालु सांस लेने में तकलीफ से, जबकि पंजाब के तीन श्रद्धालु चंबा–भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार के रावी नदी में गिरने से जान गंवा चुके हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि खराब मौसम और लगातार भूस्खलन को देखते हुए यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतें।




