
IBEX NEWS,शिमला
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोलन जिले के ममलीग में एक विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए ममलीग उप-तहसील को स्तरोन्नत कर तहसील बनाने की घोषणा की। उन्होंने ममलीग में लोक निर्माण विभाग का उप मण्डल खोलने तथा स्कूल की छत्त के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए 50 हजार रुपए देने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश भर में राजस्व लोक अदालतों का आयोजन कर रही है और पारदर्शिता के लिए माई डीड परियोजना आरंभ की गई है, जिससे भूमि की रजिस्ट्री के लिए आम लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा में गुणात्मक सुधार के लिए वर्तमान राज्य सरकार ने गहन अध्ययन किया और सुधारात्मक कदम उठाए, जिसके आज सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश विद्यार्थियों को गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने में देश भर में 21वें स्थान पर था, जबकि वर्तमान राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों से गुणात्मक सुधार आया और आज हिमाचल प्रदेश 5वें स्थान पर पहुंच गया है।
इससे पूर्व ममलीग पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ममलीग के पूर्व विद्यार्थियों, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल और समग्र शिक्षा के परियोजना निदेशक राजेश शर्मा को स्कूल प्रबंधन की ओर से सम्मानित किया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान राज्य सरकार उनके नेतृत्व में शिक्षा में गुणात्मक सुधार के लिए विशेष प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए आज ममलीग में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल का शिलान्यास किया गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा तथा स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए राज्य सरकार विशेष पहल कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आदर्श स्वास्थ्य संस्थान स्थापित किए जा रहे हैं और आधुनिक चिकित्सा मशीनें स्थापित की जा रही हैं।
इस अवसर पर विधायक राम कुमार चौधरी, संजय अवस्थी, सुरेश कुमार, विनोद सुल्तानपुरी , जोगिंद्रा बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, कांग्रेस नेता शिव कुमार, राहुल ठाकुर, जतिन साहनी, कर्नल संजय शांडिल, उपायुक्त मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।




