
दुर्गम सेवन सिस्टर पीक में फंसा था पायलट, मनाली में चल रहा इलाज
IBEX NEWS,शिमला
जिला कुल्लू की पर्यटन नगरी मनाली में एडवेंचर स्पोर्ट्स के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। ऑस्ट्रेलिया का पैराग्लाइडर पायलट मिस्टर एंडी (51 वर्ष) बीती शाम सेवन सिस्टर पीक में दुर्घटनाग्रस्त हो गया और दुर्गम पहाड़ियों के बीच फंस गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मनाली एडवेंचर टूर एसोसिएशन की रेस्क्यू टीम रात में ही मौके के लिए रवाना हो गई। लेकिन पहाड़ी इलाका बेहद कठिन होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी रात चलाया नहीं जा सका।
सुबह होते ही हेलीकॉप्टर की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया और लगभग 20 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पायलट को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू टीम प्रभारी रमेश कुमार जोगी ने बताया कि पायलट ने मनाली के समीप 13,500 फीट ऊंची पहाड़ी से अपनी जान बचाई। उन्होंने कहा कि पैराग्लाइडर पायलट ने मुश्किल परिस्थितियों में भी हिम्मत नहीं हारी और अब वह सुरक्षित है तथा मनाली में उसका इलाज चल रहा है।




