
बस मालिक के बच्चे भी घायल, डिप्टी सीएम नाहन पहुंचे; स्थानीय अस्पताल की सुविधाओं पर उठे सवाल
IBEX NEWS,शिमला ।
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के हरिपुरधार में हुए भीषण बस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। परिवहन मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इसकी पुष्टि की है। इस दर्दनाक दुर्घटना में छह महीने की बच्ची और बस चालक सहित 14 लोगों की जान चली गई, जबकि 52 से अधिक यात्री घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुई बस “जीत कोच” शिमला जिले के कुपवी की ओर जा रही थी। जैसे ही बस हरिपुरधार के पास एक तीखे मोड़ पर पहुंची, वह अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बस के गिरते ही उसके परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे के समय बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि 39 सीटर बस में 66 लोग बैठे थे। बस मालिक की बेटी और बेटा भी बस में सवार थे, जो इस हादसे में घायल हुए हैं। मृतकों में सात महिलाएं शामिल हैं।
घायलों को आनन-फानन में हरिपुरधार के स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नाहन मेडिकल कॉलेज और कुछ घायलों को सोलन अस्पताल रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बस दुर्घटना में हुई मृत्यु पर जताया शोक
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज सिरमौर ज़िला के हरिपुरधार के पास निजी बस (जीत कोच) दुर्घटना में हुई मानव क्षति पर गहरा शोक व्यक्त किया है। बस शिमला से कुपवी जा रही थी। यह बस हरिपुरधार से 100 मीटर पहले अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिरी।
अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार बस में 45 लोग सवार थे, जिनमें से 12 यात्रियों की मौक़े पर मृत्यु हो गई, जबकि 33 गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रैफर किया गया है।
मुख्यमंत्री ने ज़िला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने तथा घायलों को उत्कृष्ट चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगतजनों की आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

हादसे में मारे गए लोगों को ईश्वर अपने श्रीचरणों में स्थान दे एवं शोकाकुल परिवारों को अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
प्रशासन राहत कार्यों के लिए मौके पर पहुँच चुका है:उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्र

इस हृदयविदारक दुर्घटना में 14 लोगों की दुःखद मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है।
प्रशासन तत्परता से राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा हुआ है तथा घायलों को हर संभव बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
घायलों के शीघ्र स्वस्थ लाभ की कामना करते हैं:उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्र हिमाचल प्रदेश
एक अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है कि हरिपुरधार में जीत कोच बस का एक गंभीर सड़क हादसा हो गया है। यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है और इससे हम सभी व्यथित हैं।
मेरी हरिपुरधार ज़ोन के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से विनम्र अपील है कि वे तुरंत घटनास्थल पर पहुँचकर प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर राहत एवं बचाव कार्य में पूरा सहयोग करें। इस कठिन घड़ी में पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ खड़ा होना हमारा नैतिक दायित्व है।
ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले। इस दुख की घड़ी में कांग्रेस परिवार पूरी संवेदना और एकजुटता के साथ पीड़ितों के साथ खड़ा है:विनय कुमार अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश कांग्रेस

कांग्रेस पार्टी की सामाजिक सेवा टीमों को नाहन अस्पताल, सोलन अस्पताल और राजगढ़ अस्पताल में तत्काल भेज दिया गया है, ताकि दुर्घटना में घायल प्रत्येक व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुँच सके।
हमारा हर संभव प्रयास है कि एक भी घायल इलाज से वंचित न रहे,सभी को शीघ्र अस्पताल पहुँचाया जाए और उन्हें तुरंत व समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए।घायलों की स्थिति की निगरानी के लिए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री जी एवं उद्योग मंत्री श्री हर्षवर्धन चौहान जी भी नाहन अस्पताल पहुँच चुके है व हालात की जानकारी ले रहे हैं। वहीं, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री माननीय श्री धनीराम शांडिल जी सोलन अस्पताल पहुँचकर घायलों का हालचाल जान चुके हैं और उपचार व्यवस्थाओं की समीक्षा की है। मैं स्वयं भी सोलन अस्पताल व राजगढ़, हरिपुरधार, ददाहू, नाहन पहुँचकर स्थिति का जायज़ा लेते हुए हर आवश्यक सहायता सुनिश्चित करूँगा।इस दुख की घड़ी में कांग्रेस पार्टी हर पीड़ित और उनके परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।


हादसे में सनम (20) पुत्री संत राम (पब, शिलाई), बिलम सिंह (44) पुत्र छज्जू राम (जुडो शिलाल, कुपवी), हिमांशी (6) पुत्री आशीष (चंजाह, कुपवी), हिमा (50) पत्नी सुंदर सिंह (धौलत, कुपवी), बस चालक बलबीर तोमर (52) पुत्र मोहर सिंह (ढांग, ददाहू), प्रोमिला (21) पुत्री कृपा राम (चंजाह, कुपवी), सूरत सिंह (60) पुत्र शांगरू (कांडा बनाह, कुपवी), सुमन (28) पुत्री रण सिंह (डोची, कुपवी), रमेश (35) पुत्र देई सिंह (बोहरा कुलाग, कुपवी), कियान पुत्र बिलम (बोरा, कुपवी), रियांशी पुत्री दिलावर सिंह (बोरा), मोहन सिंह (चौरास, नौहराधार), प्रियंका पुत्री धर्म सिंह (पंजाह, हरिपुरधार) और एक अज्ञात महिला की मौत हुई है।
एसपी सिरमौर, निश्चिंत सिंह नेगी ने कहा कि सिरमौर जिले में हरिपुरधार के पास कुपवी से शिमला जा रही एक प्राइवेट बस के सड़क से नीचे गिरने से हुए हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। बस में 30-35 लोग सवार थे। और जानकारी का इंतजार है। मैं मौके पर जा रहा हूं। पुलिस और दूसरी बचाव टीमें घायलों को निकालने की कोशिश कर रही हैं।


- सिरमौर ज़िले के हरिपुरधार क्षेत्र में निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना अत्यंत दुःखद है। मैंने घटना स्थल पर पहुंच कर राहत कार्यों का जायजा लिया ।।
- हादसे में कई लोगों के हताहत होने की सूचना अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है।
- ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
- साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।




