
अतिरिक्त सचिव, भारत सरकार के रूप में पैनल में शामिल होने के बाद राज्य सरकार ने जारी किया नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट
IBEX NEWS,शिमला
हिमाचल प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सतवंत अटवाल त्रिवेदी की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए औपचारिक रूप से कैडर क्लीयरेंस/नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) जारी कर दिया है। इस संबंध में गृह विभाग (सेक्शन-डी) द्वारा 8 जनवरी 2026 को आदेश जारी किए गए हैं।
आदेश के अनुसार, वर्तमान में एडीजी (पुलिस) सह कमांडेंट जनरल, होम गार्ड्स एवं सिविल डिफेंस, फायर सर्विसेज़ एवं एसडीआरएफ, हिमाचल प्रदेश के पद पर तैनात आईपीएस अधिकारी सतवंत अटवाल त्रिवेदी को भारत सरकार में अतिरिक्त सचिव के रूप में पैनल में शामिल किया गया है। इसके चलते राज्य सरकार ने उनकी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर अपनी सहमति प्रदान की है।
गृह विभाग की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि सुश्री सतवंत अटवाल त्रिवेदी द्वारा 23 दिसंबर 2025 को भेजे गए आवेदन पत्र के संदर्भ में राज्य सरकार ने भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) को कैडर क्लीयरेंस प्रदान कर दी है। इसके साथ ही केंद्र सरकार से इस मामले में आगे आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।

यह आदेश विशेष सचिव (गृह) सुधेश कुमार मोख्ता, IAS द्वारा जारी किए गए हैं। आदेश की प्रतिलिपि भारत सरकार के गृह मंत्रालय, हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक, संबंधित अधिकारी तथा अभिलेख हेतु भेजी गई है।
राज्य सरकार के इस निर्णय के बाद अब सुश्री सतवंत अटल त्रिवेदी की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति का मार्ग प्रशस्त हो गया है और शीघ्र ही उन्हें भारत सरकार में नई जिम्मेदारी सौंपे जाने की संभावना है।




