
- रोहड़ू से हिरासत में लिए गए 3 यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता शिमला कोर्ट में पेश; धर्मपुर में हाईवे पर नाका लगाकर सोलन पुलिस ने रोका काफिला
IBEX NEWS शिमला/सोलन। हिमाचल प्रदेश से बड़ी खबर सामने आई है। एआई समिट में प्रदर्शन करने वाले तीन यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस द्वारा शिमला जिले के रोहड़ू से हिरासत में लेने के बाद दोनों राज्यों की पुलिस आमने-सामने आ गई। सोलन पुलिस ने धर्मपुर के पास चंडीगढ़-कालका-शिमला हाईवे पर नाका लगाकर दिल्ली पुलिस के करीब 20 जवानों को रोक लिया और सभी को डिटेन कर लिया।
जानकारी के अनुसार, एआई समिट के दौरान प्रदर्शन करने वाले तीन युवक बाद में शिमला जिले के रोहड़ू में एक होटल में ठहरे हुए थे। दिल्ली पुलिस की टीम उन्हें हिरासत में लेकर दिल्ली ले जा रही थी। इसी बीच सोलन पुलिस को सूचना मिली, जिसके बाद धर्मपुर क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर काफिले को रोक दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए तीनों यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शिमला लाया गया और जिला अदालत में एसीजेएम कोर्ट नंबर-2 में पेश किया गया। अदालत परिसर में दिल्ली पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद है ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिमला के एसपी गौरव सिंह भी कोर्ट पहुंचे। बताया जा रहा है कि कानूनी प्रक्रिया को लेकर दोनों राज्यों की पुलिस के बीच अधिकार क्षेत्र (जूरिस्डिक्शन) को लेकर सवाल खड़े हुए हैं, जिसके बाद स्थिति संवेदनशील हो गई।
गौरतलब है कि हिरासत में लिए गए तीनों कार्यकर्ता हिमाचल प्रदेश के निवासी नहीं बताए जा रहे हैं। एआई समिट में प्रदर्शन के बाद वे रोहड़ू में छिपे हुए थे। फिलहाल मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है और दोनों राज्यों की पुलिस की कार्रवाई पर सबकी नजर बनी हुई है।




