
IBEX NEWS,शिमला
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अनुराग ठाकुर की जानकारी और उनकी कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बनाए रखने के लिए केवल कांग्रेस नेताओं के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं।
सीएम सुक्खू ने कहा कि अनुराग ठाकुर केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री के रूप में काम कर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें यह स्पष्ट नहीं है कि किसी बिल के एक्ट बनने के बाद राज्य सरकार के पास कर लगाने या न लगाने का विवेकाधीन अधिकार होता है। उन्होंने कहा कि एक सांसद के रूप में अनुराग ठाकुर का पूरा ध्यान केवल श्री राहुल गांधी और श्रीमती प्रियंका गांधी पर ‘अनाप-शनाप’ बयान देने पर है, ताकि वह केंद्र सरकार में अपनी भूमिका सुरक्षित कर सकें।
मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश में ईंधन की कीमतों का बचाव करते हुए कहा कि राज्य में अभी भी पेट्रोल और डीजल की कीमतें भाजपा शासित हरियाणा और आम आदमी पार्टी शासित पंजाब की तुलना में कम हैं।
सीएम सुक्खू ने स्पष्ट किया कि पेट्रोलियम उत्पादों पर वैट (VAT) लगाने का निर्णय पूरी तरह से राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र में है। उन्होंने जोर देकर कहा कि:”अगर भविष्य में वैट लगाया जाता है, तो उसका सीधा लाभ राज्य की विधवा बहनों और अनाथ बच्चों के कल्याण के लिए उपयोग किया जाएगा।”
मुख्यमंत्री ने अनुराग ठाकुर को सलाह दी कि वे किसी भी विषय पर सार्वजनिक बयान देने से पहले उसका गहन अध्ययन करें और हिमाचल की जनता के हितों को ध्यान में रखें।




