
IBEX NEWS,शिमला
Himachal Pradesh सरकार के सैनिक कल्याण विभाग ने हिमाचल प्रदेश एक्स-सर्विसमैन कॉर्पोरेशन में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए कर्नल मनीष कुमार को चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर (CMD) नियुक्त किया है। इस संबंध में बुधवार को आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई।

जारी आदेशों के अनुसार, कर्नल मनीष कुमार (निवासी वीपीओ सनोट, तहसील देहरा, जिला कांगड़ा) को तत्काल प्रभाव से Himachal Pradesh Ex-Servicemen Corporation का CMD नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति हिमाचल प्रदेश एक्स-सर्विसमैन कॉर्पोरेशन अधिनियम, 1979 के तहत की गई है।
इसके साथ ही, वर्तमान में अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे लेफ्टिनेंट कर्नल पियार सिंह अत्री को CMD के पद के अतिरिक्त कार्यभार से मुक्त कर दिया गया है। वे अब केवल वाइस चेयरमैन के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे।
सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि कर्नल मनीष कुमार की नियुक्ति से संबंधित शर्तें और नियम अलग से जारी किए जाएंगे।
यह फैसला राज्य में पूर्व सैनिकों से जुड़े मामलों के बेहतर प्रबंधन और संस्थागत मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




