
शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई—SBI रोहड़ू का लोन मैनेजर गिरफ्तार, अमृतसर तक फैला ड्रग्स कनेक्शन, अब तक 6 आरोपी सलाखों के पीछे
IBEX NEWS BUREAU ,शिमला
जिला शिमला के जुब्बल थाना में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चिट्टा तस्करी के एक संगठित अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस नेटवर्क में चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ जब SBI रोहड़ू में तैनात एक लोन मैनेजर को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच के मुताबिक, 16 अप्रैल 2026 को तरुण ठाकुर (33) निवासी चोगटाली, तहसील राजगढ़ (जिला सिरमौर) को धारा 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया। आरोपी वर्तमान में बैंक में लोन मैनेजर/फील्ड ऑफिसर के पद पर कार्यरत था, लेकिन पर्दे के पीछे चिट्टा (हेरोइन) की खरीद-फरोख्त में सक्रिय रूप से शामिल था।
जांच में सामने आया है कि तरुण ठाकुर का सीधा संपर्क अमृतसर निवासी मुख्य सप्लायर लुकास उर्फ लकी से था। दोनों के बीच ऑनलाइन माध्यम से पैसों का लेनदेन होता था, जिससे इस नेटवर्क की जड़ें और भी गहरी साबित हुई हैं।
ऐसे हुआ भंडाफोड़
- 09 फरवरी 2026: 13.46 ग्राम चिट्टा के साथ एक स्थानीय महिला गिरफ्तार
- 17 मार्च 2026: बैकवर्ड लिंक के आधार पर मुख्य सप्लायर लुकास उर्फ लकी दबोचा गया
- 06 अप्रैल 2026: फॉरवर्ड लिंक में 3 आरोपी—आशीष उर्फ गांधी, मनोज ठाकुर उर्फ सनी और खुशी राम उर्फ कुश गिरफ्तार
- 16 अप्रैल 2026: अब बैंक मैनेजर तरुण ठाकुर भी पुलिस गिरफ्त में
पुलिस के मुताबिक जांच में एक संगठित ड्रग्स नेटवर्क सामने आया है, जिसमें अंतरराज्यीय सप्लायर स्थानीय डिस्ट्रीब्यूशन चैन डिजिटल फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन की मजबूत कड़ियां जुड़ी हुई थीं। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से चिट्टा तस्करी के बड़े नेटवर्क को करारा झटका लगा है।
गिरफ्तार आरोपी को शुक्रवार आज न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित लोगों की तलाश जारी है।



