
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 20 अप्रैल
जिला शिमला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। थाना ठियोग पुलिस की टीम ने ठियोग बाईपास के पास नाका ड्यूटी के दौरान एक वाहन से 9 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल को पुलिस टीम बाईपास पर नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक विश्वसनीय सूचना मिली कि फागू की ओर से आ रही मैग्नेट ग्रे रंग की गाड़ी में सवार तीन व्यक्ति नशीले पदार्थ की तस्करी में संलिप्त हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को रोका और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन से करीब 9 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन (21) निवासी जिला सोनीपत (हरियाणा), नितिश पांडे (26) निवासी एसएएस नगर मोहाली (पंजाब) तथा रितिक सूरजभान (27) निवासी जिला सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है।
इस संबंध में थाना ठियोग में अभियोग संख्या 53/2026, दिनांक 20 अप्रैल 2026 को धारा 21 एवं 29 एनडी&पीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा मामले की आगामी जांच जारी है।



