
IBEX NEWS BUREAU,रोहड़ू (शिमला):
जिला शिमला पुलिस द्वारा वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रोहड़ू पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने वर्ष 2024 के दो अलग-अलग मामलों में वांछित आरोपी कपिल देव उर्फ कपिल थोप्टा को गिरफ्तार कर लिया है।आरोपी कपिल देव, निवासी गांव शल्लान (रोहड़ू), के विरुद्ध वित्तीय लेनदेन से जुड़े धारा 138 NI एक्ट (चेक बाउंस) के दो मामले दर्ज थे:
1. मामला संख्या 61/2024
2. मामला संख्या 229/2024
आरोपी द्वारा जारी किए गए चेक बैंक में पर्याप्त धनराशि न होने या अन्य तकनीकी कारणों से अनादरित (Dishonour) हो गए थे। इसके बाद से ही यह मामले माननीय न्यायालय में विचाराधीन थे।
आरोपी कपिल देव काफी समय से पुलिस और न्यायालय की नजरों से बचकर फरार चल रहा था। बार-बार बुलाने पर भी पेश न होने के कारण माननीय न्यायालय ने उसके विरुद्ध गैर-जमानती वारंट (Non-Bailable Warrant) जारी किए थे।
रोहड़ू पुलिस की टीम ने एक सुनियोजित जाल बिछाकर आरोपी की लोकेशन का पता लगाया और उसे दबोच लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लंबित वारंटों की तामील सुनिश्चित की।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब नियमानुसार आगामी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है।



