
IBEX NEWS,शिमला
जिला शिमला में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जुब्बल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। महिला मंडल झगटन की सतर्कता और सूचना के आधार पर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के एक मामले का पर्दाफाश किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 23 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने बडेश (गांव झगटन के समीप) में एक कार (HP-01A-9727) को रोका, जो सवाड़ा बाजार की ओर से आ रही थी। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सवार दो व्यक्तियों—शेर सिंह और इंद्र सिंह पंता—के कब्जे से अवैध शराब बरामद की गई।
पुलिस ने वाहन से कुल 84 बोतल अवैध देशी शराब (7 पेटियां) बरामद की हैं, जिनमें 36 बोतल सुपर संतरा, 24 बोतल नाटी नं. 1 और 24 बोतल संतरा नं. 1 शामिल हैं।
इस संबंध में थाना जुब्बल में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(a) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।




