
केलांग डिपो में तैनात थे ज्ञान चंद, मार्ग बाधित होने के कारण करपट में रुकी थी बस
IBEX NEWS BUREAU,शिमला हिमाचल प्रदेश में मॉनसून की दस्तक के साथ ही प्राकृतिक आपदाओं से जुड़े हादसे बढ़ने लगे हैं। लाहौल-स्पीति जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के परिचालक ज्ञान चंद की पत्थर गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे HRTC परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, मंडी जिले के लड़भड़ोल क्षेत्र के पंजालाग गांव निवासी ज्ञान चंद वर्तमान में HRTC के केलांग डिपो में परिचालक के पद पर कार्यरत थे। बुधवार को वह उदयपुर से मयाड़ घाटी के खंजर रूट पर जा रही बस के साथ ड्यूटी पर थे। करपट-धोनंधल नाले के पास मार्ग बाधित होने के कारण बस आगे नहीं बढ़ सकी और वहीं रुक गई।
गुरुवार सुबह जब बस वापस उदयपुर की ओर लौटने की तैयारी कर रही थी, उसी दौरान ज्ञान चंद करपट-धोनंधल नाले के पास हाथ-मुंह धो रहे थे। तभी अचानक पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर गिरा, जो सीधे उनके सिर पर आ लगा। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद उनके पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल केलांग लाया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव भेजा जाएगा।
मॉनसून के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रशासन ने लोगों और वाहन चालकों से संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। यह हादसा एक बार फिर दर्शाता है कि बरसात के मौसम में पहाड़ी इलाकों में थोड़ी-सी असावधानी भी जानलेवा साबित हो सकती है।


