
जमानत पर रिहा होने के बाद हुआ था फरार, कोर्ट ने घोषित किया था उद्घोषित अपराधी; कोटखाई पुलिस ने दबोचा
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
जिला शिमला पुलिस ने फरार एवं उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सात वर्ष पुराने चोरी के मामले में एक उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी वर्ष 2019 में दर्ज चोरी के मामले में जमानत पर रिहा होने के बाद फरार हो गया था, जिसे माननीय न्यायालय ने 16 जुलाई 2025 को उद्घोषित अपराधी घोषित किया था।
पुलिस के अनुसार, थाना कोटखाई में वर्ष 2019 में दर्ज अभियोग संख्या 52/2019 के तहत गांव छोल स्थित एक मकान के ताले तोड़कर सोना-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये की नकदी चोरी की गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अक्षु राक्टा उर्फ नीरू, पुत्र दौलत राम, निवासी गांव पुंगरिश, डाकघर एवं तहसील कोटखाई, जिला शिमला को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद किया था। इसके बाद मामले का चालान न्यायालय में पेश किया गया।
हालांकि मुकदमे की सुनवाई के दौरान आरोपी जमानत पर रिहा होने के बाद फरार हो गया। लगातार गैरहाजिर रहने पर माननीय न्यायालय ने 16 जुलाई 2025 को उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया।
जिला शिमला पुलिस के लगातार प्रयासों के बाद थाना कोटखाई की टीम ने 10 जुलाई 2026 को आरोपी को कोटखाई क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
शिमला पुलिस ने कहा है कि जिले में फरार एवं उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून से बचने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


