
गले पर चाकू से हमला कर 100 मीटर गहरी खाई में धक्का दिया, गंभीर घायल महिला ने झाड़ियों के सहारे बचाई जान; पुलिस ने आधे घंटे में तीनों आरोपियों को दबोचा
IBEX NEWS BUREAU,शिमला । सोलन जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां पत्नी की कथित हत्या की साजिश राहगीर की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से विफल हो गई। उत्तर प्रदेश से घूमने के बहाने सोलन लाई गई महिला पर उसके पति, देवर और पति के दोस्त ने सुनसान स्थान पर चाकू से हमला किया और उसे करीब 80 से 100 मीटर गहरी खाई में धक्का दे दिया। गंभीर रूप से घायल महिला ने झाड़ियों का सहारा लेकर किसी तरह अपनी जान बचाई, जबकि पुलिस ने घटना के करीब आधे घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, घटना 10 जुलाई की रात देहुंघाट के समीप हुई। घायल महिला की पहचान मोनिका के रूप में हुई है। आरोप है कि उसके पति दलीप कुमार ने अपने सगे भाई शिवम और दोस्त मदन कुमार के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। तीनों ने पहले महिला के गले पर चाकू से वार किया और फिर उसे गहरी ढांक में धक्का देकर मौके से फरार हो गए।
इसी दौरान बड़ोग निवासी नरेश कुमार वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने तीनों युवकों को महिला के साथ देखा था। कुछ आगे जाने के बाद उन्हें संदेह हुआ तो वे वापस लौटे। लौटने पर उन्होंने देखा कि तीनों महिला को खाई में धक्का देकर भाग रहे हैं। नरेश कुमार ने बिना समय गंवाए पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सपरून चौकी और सदर थाना सोलन की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल महिला झाड़ियों का सहारा लेकर नीचे से बाईपास सड़क तक पहुंचने में सफल रही, जहां से उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के करीब आधे घंटे के भीतर नगाली क्षेत्र से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दलीप कुमार (28), निवासी जिला बहराइच, उत्तर प्रदेश, शिवम (20), निवासी जिला बहराइच, उत्तर प्रदेश तथा मदन कुमार (28), निवासी जिला गौंडा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोनिका और उसके पति दलीप कुमार के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के चलते दलीप ने अपने भाई और दोस्त के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की कथित साजिश रची। योजना के तहत उसे उत्तर प्रदेश से घूमने के बहाने सोलन लाया गया और सुनसान स्थान पर वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं। मामले की जांच जारी है तथा आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड का भी सत्यापन किया जा रहा है।


