
स्पेशल सेल की चौड़ा मैदान में दबिश, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनें भी मिलीं; आरोपी गिरफ्तार
IBEX NEWS BUREAU,शिमला। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चौड़ा मैदान क्षेत्र से करीब एक किलोग्राम अफीम और ₹2.12 लाख नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को स्पेशल सेल शिमला की टीम गश्त और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर टीम ने चौड़ा मैदान स्थित एक मकान में नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान 991 ग्राम अफीम, दो इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनें और ₹2,12,000 की नकदी बरामद हुई।
इस मामले में पुलिस थाना बालूगंज में अभियोग संख्या 139/2026 दिनांक 10 जुलाई 2026 को धारा 18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सुरिन्द्र सिंह, पुत्र स्वर्गीय धीरज सिंह, निवासी चौड़ा मैदान, शिमला को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस अब बरामद अफीम के स्रोत, इसके संभावित नेटवर्क और नकदी के संबंध में गहन जांच कर रही है। शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।


