
रोहड़ू पुलिस की चेकिंग के दौरान कार्रवाई, व्हिस्की, संतरा और बीयर की खेप पकड़ी; आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
IBEX NEWS BUREAU,शिमला। जिला शिमला पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चिड़गांव क्षेत्र से 11 पेटियों में भरी 132 बोतल अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को एसडीपीओ कार्यालय रोहड़ू की टीम क्षेत्र में नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति के कब्जे से कुल 132 बोतल (11 पेटियां) अवैध शराब बरामद की गई। जब्त शराब में 48 बोतल रॉयल स्टैग व्हिस्की, 48 बोतल सुपर संतरा, 24 बोतल संतरा नंबर-1 और 12 बोतल थंडरबोल्ट बीयर शामिल हैं।
इस संबंध में पुलिस थाना चिड़गांव में अभियोग संख्या 65/2026 दिनांक 10 जुलाई 2026 को धारा 39(1)(A) हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की पहचान शीशपाल पुत्र रामनाथ, निवासी चिड़गांव, जिला शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि बरामद शराब की सप्लाई चेन और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए मामले की जांच जारी है। जिला शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब की तस्करी और कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


