
यूनिवर्सल कार्टन लागू करना वर्तमान प्रदेश सरकार की उपलब्धि
IBEX NEWS BUREAU,13 जुलाई, 2026
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन-शिकायत निवारण मंत्री श्री जगत सिंह नेगी ने आज कोठी ग्राम पंचायत भवन के सभागार में अपने संबोधन में कहा कि कोठी गांव में मल निकासी परियोजना व पेयजल आपूर्ति परियोजना शीघ्र पूर्ण की जाएगी ताकि स्थानीय लोगों को लाभ मिल सके तथा सिंचाई के लिए कूहल को भी दुरुस्त किया जाएगा तथा कोठी कंडे की सड़क को पक्का किया जाएगा जिससे क्षेत्र के किसान एवं बागवानों को लाभ मिलेगा।
बागवानी मंत्री ने बताया कि जनजातीय जिला किन्नौर में वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल में लगभग 800 निर्धन एवं उपेक्षित वर्गों के लोगों को भू पट्टे प्रदान किए गए हैं जिससे उन्हें जमीन का स्वामित्व प्राप्त हुआ है।



इससे पूर्व, श्री जगत सिंह नेगी ने कोठी माता देवी चंडिका मंदिर में शीश नवाया और माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।




बागवानी मंत्री श्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने यूनिवर्सल कार्टन लागू कर छोटे एवं सीमांत बागवानों को सशक्त बनाया है तथा पूर्व में टेलीस्कोपिक कार्टन के माध्यम से आढ़ती वर्ग को वित्तीय लाभ मिल रहा था और छोटे एवं सीमांत बागवानों का व्यापक शोषण हो रहा था। उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने समान दृष्टिकोण अपना कर हर वर्ग एवं हर क्षेत्र के कल्याण के लिए कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की निचले क्षेत्रों में एचपी शिवा परियोजना के तहत ड्रैगन फ्रूट, प्लम व आम की खेती को बढ़ावा मिला है जिससे प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।



राजस्व मंत्री ने बताया कि 2023 की आपदा के दौरान राज्य आपदा राहत मैन्युअल में संशोधन करके मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पूर्ण तरह से क्षतिग्रस्त घरों को 8 लाख रुपए की राशि प्रदान की, पशुधन के नुकसान के लिए 55 हजार की राशि प्रदान की तथा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त घरों के लिए राशि 6 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपए की जिससे आपदा प्रभावित परिवारों को विकट समय में मरहम का काम किया।
जनजातीय विकास मंत्री ने बताया कि भारत में दूरसंचार क्रांति 1984 के उपरांत आरंभ हुई और इसके लिए पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी का अमूल्य योगदान रहा तथा इस मजबूत नींव के कारण देश ने टेलिकॉम क्षेत्र में अभूतपूर्व सफलता प्राप्त की है।
उन्होंने बताया कि सूचना का अधिकार अधिनियम 2005, वन अधिकार अधिनियम 2006, नो तोड़ अधिनियम 1968, 73वें पंचायती राज अधिनियम केंद्र में तत्कालीन कांग्रेस सरकार की देन है जिससे समावेशी समाज का निर्माण संभव हुआ है।
श्री जगत सिंह नेगी ने प्रधामंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत स्थानीय लोगों को कृषि उपकरण वितरित किए।
इससे पूर्व, स्थानीय प्रधान महेश नेगी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और उन्हें अपने क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया।
इसके पश्चात्, जन-शिकायत निवारण मंत्री श्री जगत सिंह नेगी ने ग्राम पंचायत पूर्वणी में 28 लाख 74 हजार रूपये की लागत से निर्मित होने वाले लिदो से श्मशान घाट पूर्वनी सम्पर्क सडक तथा 40 लाख रूपये की लागत से बनने वाले पार्किंग का शिलान्यास किया एवं सामुदायिक स्नानगृह एवं पार्किंग तथा 16 लाख रूपये की लागत से बने बौद्व मंदिर से ट्रांसफार्मर तक इन्टरलॉक रास्ते का उद्घाटन और 40 लाख रूपये की लागत से निर्मित पशुपालन विभाग के पशु चिकित्सक आवास का उद्धघाटन किया।
बागवानी मंत्री ने पूर्वनी देवता जी मंदिर के प्रांगण में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार जनजातीय जिला किन्नौर में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को भी विकास के लाभ मिल रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्र में पेयजल समस्या से निजात दिलाने का आश्वासन दिया तथा कम वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए ट्रांसफार्मर स्तरोन्नत करने के निर्देश दिए।
पूर्वनी ग्राम पंचायत प्रधान श्रीमती सुजाता नेगी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया।
राजस्व मंत्री श्री जगत सिंह नेगी ने क्षेत्र एवं स्थानीय लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना तथा उनकी समस्याओं का जल्द निपटाने का आश्वासन दिया।
कैबिनेट मंत्री ने इस अवसर पर प्रधामंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को कृषि उपकरण वितरित किए
इस अवसर पर उप मंडल अधिकारी कल्पा प्रवीण भारद्वाज, पुलिस उप अधीक्षक उमेश्वर राणा, पंचायत समिति कल्पा की अध्यक्षा प्रीतमा नेगी, पंचायत समिति कल्पा के उपाध्यक्ष भूपेन्द्र नेगी, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्षा सुश्री सरोज नेगी, पूर्व जिला परिषद् सदस्य हितेश नेगी, महिला कांग्रेस नेत्री ललिता पंचारस, खंड विकास अधिकारी कल्पा हिमांशी शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रीतम नेगी सहित पंचायत प्रतिनिधि एवं कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारीगण व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
…000…


