Listen to this article

अगले पांच-छह दिन मौसम साफ रहेगा। इससे लोगों को ठंड से हल्की राहत मिलेगी।

IBEX NEWS,शिमला।

अक्टूबर में पहाड़ों पर इतनी ठंड नहीं पड़ती, लेकिन इस साल अर्ली स्नोफॉल से पहाड़ों पर ठंड ने जल्दी दस्तक दी है। इससे जितनी ठंड 15 नवंबर के बाद होती थी, उतनी ठंड अभी से महसूस होने लगी है।हिमाचल प्रदेश में सुबह-शाम कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। मगर दिन में मौसम सुहावना बना हुआ है। पहाड़ों से ज्यादा सर्दी मैदानी इलाकों में पड़ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक़ अगले पांच-छह दिन मौसम साफ रहेगा। इससे लोगों को ठंड से हल्की राहत मिलेगी। सुबह शाम पड़ रही ठंड को देखते हुए मैदानी राज्यों से पहाड़ों की सैर पर आ रहे पर्यटकों को अपने साथ गर्म कपड़े लाने की सलाह दी है, क्योंकि रात में कई शहरों का तापमान जमाव बिंदू के आसपास तक गिर जाता है।शिमला का न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री है तो मंडी का 8.6 डिग्री, भुंतर 6.5 डिग्री और सोलन का 8.6 डिग्री तक तापमान गिर गया है।हिमाचल के सबसे गर्म शहर ऊना का न्यूनतम पारा भी 12 डिग्री तक लुढ़क चुका है। उधर, केलांग का न्यूनतम तापमान जमाव बिंदू से नीचे माइनस 0.1 डिग्री चला गया है। कल्पा का 2.4 डिग्री, मनाली का 5.2 डिग्री, कुफरी 8.5 डिग्री, नारकंडा 6.3 डिग्री, रिकांगपिओ का 5.7 डिग्री, कुकुमसेरी का 1.3 डिग्री तक तापमान गिर चुका है।ज्यादातर शहरों का तापमान सामान्य से 3 डिग्री तक कम चल रहा है। नॉर्मल की तुलना में सबसे ज्यादा की गिरावट पालमपुर के तापमान में दर्ज की गई है। यहां का पारा नॉर्मल से 3.3 डिग्री कम के साथ 9.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह अन्य सभी शहरों का पारा भी नॉर्मल से नीचे लुढ़क गया है।