मुख्यमंत्री ने शिमला संसदीय क्षेत्र के प्रचार अभियान की शुरूआत डोडरा क्वार से की ।

Listen to this article

प्यारी बहना सुख सम्मान निधि के फ़ॉर्म भरने की चुनाव आयोग ने दी इजाज़तः सीएम

IBEX NEWS,शिमला।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला संसदीय क्षेत्र के लिए अपने चुनाव अभियान की शुरुआत शिमला जिला के दूर-दराज क्षेत्र डोडरा-क्वार से की। भाजपा पर ज़ोरदार हमला करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने धन बल से सत्ता को हथियाने का प्रयास किया लेकिन उनके इरादे कामयाब नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सत्ता हथियाने की कोशिश करने की सजा भाजपा को ज़रूर देगी और प्रदेश की चारों लोकसभा सीटें कांग्रेस पार्टी के खाते में डालेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने धनबल का इस्तेमाल कर कांग्रेस पार्टी के छह विधायकों को अपने साथ मिलाया और राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी के ख़िलाफ़ क्रॉस वोट किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पैसे के दम पर प्रदेश सरकार को गिराने की कोशिश भी की। उन्होंने कहा कि बिकाऊ नेता कभी भी जनसेवक नहीं हो सकते हैं। 

ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जिसकून-जाखा सड़क के लिए निर्माण के लिए राज्य सरकार ने तीन करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं और इसका निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष रहते हुए भी डोडरा क्वार का दौरा कर चुके हैं और अब मुख्यमंत्री बनने के बाद भी वह इस क्षेत्र में आए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही वह एक बार फिर डोडरा-क्वार के दौरे पर आएंगे। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ने सेब ख़रीद के समर्थन मूल्य में ऐतिहासिक डेढ़ रुपए की बढ़ोतरी की है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष प्रदेश में आई ऐतिहासिक आपदा के समय सेब का सीजन चल रहा था, लेकिन राज्य सरकार ने युद्ध स्तर पर कार्य किया और सभी सड़कों को समय रहते खोला ताकि किसानों के सेब का फ़सल सही समय पर मंडियों तक पहुँच जाए। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष सेब किलो के हिसाब से बिका तथा अगले वर्ष से राज्य सरकार यूनिवर्सल कार्टन लागू करने जा रही है जिससे सेब बाग़बानों की आर्थिकी और सुदृढ़ होगी। 

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि भाजपा सांसद सुरेश कश्यप आपदा के समय गायब रहे तथा सांसद ने ठियोग, रोहड़ू, जुब्बल-कोटखाई क्षेत्रों के विकास के लिए अपनी निधि से एक रुपया भी नहीं दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सांसद अपने पांच वर्ष के कार्यकाल में मात्र एक बार डोडरा क्वार आए। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने सेब के कीटनाशकों व उर्वरकों पर सब्सिडी को ख़त्म कर दिया था, जिसे वर्तमान राज्य सरकार ने फिर से शुरू किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बाग़बानों से सेब पर आयात शुल्क तीन गुना बढ़ाने की वादा किया था लेकिन इसके विपरीत केंद्र सरकार ने इसे घटाकर 35 प्रतिशत कर दिया है, जिसके कारण कोल्ड स्टोर का सेब भी नहीं बिक रहा है और सेब बागवानों को नुक़सान उठाना पड़ रहा है। रोहित ठाकुर ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार में जिला शिमला से सिर्फ़ एक मंत्री था तथा विधानसभा चुनाव में उनका टिकट भी काट दिया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा से ही शिमला जिला के साथ भेदभाव करती आई है।

वहीं कांग्रेस पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी एवं कसौली विधानसभा सीट से विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि भाजपा ने राज्य सरकार को अस्थिर करने की साज़िश की और हिमाचल प्रदेश की अस्मिता पर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि मुझे और विक्रमादित्य सिंह को लोक सभा चुनाव के मैदान में उतारा गया है और मुख्यमंत्री फ़्रंट फुट पर खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश के देवी देवताओं और जनता के आशीर्वाद से सभी चारों सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि उनके पिता केडी सुल्तानपुरी छह बार सांसद रहे और जिस सच्चाई के साथ उनके पिता ने कार्य किया है उसी निष्ठा के साथ वह भी काम करेंगे और हमेशा लोगों के दुख-दर्द में साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि मौजूदा सांसद ने पिछले पाँच वर्ष में मात्र एक सवाल संसद में पूछा है। 

मुख्य संसदीय सचिव मोहन लाल ब्राक्टा ने कहा कि डोगरा क्वार और रोहड़ू का विकास कांग्रेस पार्टी की देन है तथा इसमें भाजपा का कोई भी योगदान नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने वर्तमान राज्य सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की, लेकिन जनता इसका सबक भारतीय जनता पार्टी को आने वाले लोकसभा चुनाव में सिखाएंगे और केंद्र में भी कांग्रेस की सरकार बनेगी।