Listen to this article

IBEX NEWS,शिमला।

हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज यहां मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू को मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 2 करोड़ रुपये का चेक भेंट किया। मुख्यमंत्री ने बोर्ड कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि यह अंशदान सामाजिक कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है और यह धनराशि आवश्यकता के समय जरूरतमंदों की सहायता करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी त्योहारी सीजन से पहले इस महीने की 28 तारीख को सभी बोर्डों और निगमों के कर्मचारियों को वेतन और पेंशन जारी करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस निर्णय से बोर्डों और निगमों के लगभग 50,000 कर्मचारी और पेंशनभोगी लाभान्वित होंगे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पहली जनवरी, 2023 से सभी सरकारी कर्मचारियों के लिए अतिरिक्त चार प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) जारी करने का भी निर्णय लिया है। इस वृद्धि का हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कर्मचारियों को भी लाभ मिलेगा। इसके अलावा, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कर्मचारियों को छठे वेतन आयोग के तहत लंबित बकाया राशि भी जारी की जाएगी। 

विधायक नीरज नैयर, अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार चंद शर्मा, राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव अनिल जोशी तथा माई जीओवी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. गोपाल गौतम भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

WhatsApp Group Join Now