
IBEX NEWS,शिमला
शनिवार देर रात धर्मशाला के कोतवाली बाजार में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मध्य प्रदेश की दो युवतियों को एक अज्ञात व्यक्ति ने बोलैरो गाड़ी में लिफ्ट दी, लेकिन उन्हें उनके बताए गए स्थान पर नहीं उतारा गया। युवतियों ने खतरा महसूस करते हुए चलते वाहन से छलांग लगाकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
बताया जा रहा है कि यह गाड़ी किसी सरकारी विभाग के साथ अटैच थी। घटना की जानकारी मिलते ही व्यापार मंडल कोतवाली बाजार के अध्यक्ष अनुज कश्यप और अन्य व्यापारी मौके पर पहुंचे और युवतियों की मदद करते हुए पुलिस थाना धर्मशाला को सूचना दी। इसके बाद पुलिस व व्यापारियों ने मिलकर दोनों युवतियों को धर्मशाला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका मेडिकल करवाया गया।
थाना प्रभारी नारायण सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल युवतियों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और वाहन व चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं




