
IBEX NEWS,शिमला ।
हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार से वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है और अब इस ऐक्टिवनेस से पहाड़ों पर आगामी 5 दिन तक बारिश होगी। खासकर 21 से 23 जून के बीच भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यह चेतावनी शिमला, सिरमौर, हमीरपुर, ऊना और बिलासपुर जिला को दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 और 21 जून को हिमाचल प्रदेश में मानसून के प्रवेश की प्रबल संभावना है। इसके साथ ही, 20 से 24 जून तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की उम्मीद है, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। 20 जून को कई इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसका मतलब है कि इन जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद, 21 से 23 जून तक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जो और भी भारी बारिश का संकेत है।खास तौर पर, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, कांगड़ा, मंडी और सोलन जिलों के लिए येलो अलर्ट है। इसका मतलब है कि इन सभी क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना है, लेकिन ऑरेंज अलर्ट वाले इलाकों में ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है।
आज, यानी गुरुवार को मैदानी जिलों में मौसम साफ रहने की उम्मीद है, जबकि पहाड़ी जिलों में बारिश की संभावना बनी हुई है।
बुधवार को हिमाचल में मौसम ने कई रंग दिखाए। कहीं धूप खिली रही तो कहीं बादल छाए रहे, और कुछ जगहों पर अचानक तेज बारिश भी हुई। कांगड़ा में दिन की शुरुआत साफ मौसम और धूप के साथ हुई। हालांकि, दोपहर करीब साढ़े चार बजे धर्मशाला इलाके में अचानक लगभग 20 मिनट तक झमाझम बारिश हुई, जिसके बाद मौसम फिर से साफ हो गया। धर्मशाला में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।चंबा जिले में दिन भर तेज धूप रही, जिससे लोग पसीने से तरबतर हो गए। हमीरपुर में सुबह हल्की बारिश हुई, लेकिन उसके बाद दिन भर मौसम साफ रहा। मंडी में भी मंगलवार रात को अच्छी बारिश दर्ज की गई।




