
IBEX NEWS,शिमला ।
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज जनजातीय जिला किन्नौर की सीमावर्ती पंचायत नमज्ञा के दुर्गम गांव टाशीगंग का दौरा किया और स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुनकर सभी उचित मांगों को चरणबद्ध ढंग से पूर्ण करने के अधिकारियों को निर्देश दिए।
जनजातीय विकास मंत्री ने टाशीगंग गांव की सड़क को पक्का करने का आश्वासन देते हुए कहा कि शीघ्र ही गांव की सड़क को पक्का करने का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। इसके अलावा गांव के युवाओं के लिए खेल मैदान का निर्माण किया जाएगा ताकि स्थानीय युवा खेल से जुड़कर स्वस्थ रहें व जिला व प्रदेश का नाम राष्ट्र व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर सकें।


राजस्व मंत्री ने इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने वन अधिकार अधिनियम-2006 के माध्यम से लोगों को जमीन का मालिकाना हक प्रदान किया है और ऐसे कई अधिनियमों के माध्यम से उपेक्षित वर्गों का कल्याण किया है। उन्होंने जिला की जनता से आग्रह किया कि वन अधिकार अधिनियम-2006 का लाभ उठाने के लिए ग्राम सभा में अपना केस लगवाएं और जमीन का मालिकाना हक प्राप्त करें।
इस अवसर पर महिला मंडल टाशीगंग ने राजस्व मंत्री का टाशीगंग पहुंचने पर पारम्परिक ढंग से स्वागत किया।
इस दौरान कार्यकारी अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह नारायण सिंह चौहान, जिला कांग्रेस समिति के अध्यक्ष उमेश नेगी, किनफेड के अध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी, जिला कांग्रेस समिति के महासचिव सुशील साना, नमज्ञा पंचायत के प्रधान बलदेव नेगी, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण दिनेश सेन, अधिशाषी अभियंता विद्युत टाशी छोडुप नेगी, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति बाल कृष्ण, भू-सरंक्षण अधिकारी राजेश धीमान, उप निदेशक उद्यान भूपेंद्र नेगी सहित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी गण, कार्यकर्ताओं सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।




