
किन्नौर भाजपा अध्यक्ष यशवंत सिंह नेगी
ने भारतीय जनता पार्टी जिला किन्नौर के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को उनके नवीन दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आशा व्यक्त की कि सभी नवचयनित सदस्य भाजपा को जिला स्तर पर और अधिक सशक्त, संगठित और जनसंपर्क आधारित बनाएंगे।
संदेश में कहा गया—
“आप सभी से यह अपेक्षा है कि आप भारतीय जनता पार्टी के सिद्धांतों, संगठनात्मक मर्यादाओं और जनहित की भावना को ध्यान में रखते हुए अपने क्षेत्र में पार्टी को और अधिक मजबूती प्रदान करेंगे।
नवीन टीम के गठन से किन्नौर जिले में भाजपा के सांगठनिक विस्तार को नई ऊर्जा और दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
वर्ष 2022 में भारतीय जनता पार्टी से नाराज़ होकर अलग हुए कार्यकर्ता अब एक बार फिर पार्टी की मुख्यधारा में लौट रहे हैं। किन्नौर भाजपा अध्यक्ष यशवंत सिंह नेगी ने कहा कि लगभग 90 फीसदी पुराने कार्यकर्ता पुनः भाजपा संगठन के साथ जुड़ चुके हैं, और पार्टी उनका पूरे मन से स्वागत कर रही है।
उन्होंने कहा कि “पार्टी में कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका होती है। भले ही कुछ समय के लिए मतभेद हुए हों, लेकिन विचारधारा और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की भावना ने उन्हें दोबारा भाजपा के साथ जोड़ दिया है।”
यशवंत नेगी ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी पुराने कार्यकर्ताओं को सम्मानजनक स्थान मिलेगा और उन्हें संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल किया जाएगा।
पार्टी में कार्यकर्ताओं की वापसी को लेकर जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।









