
IBEX NEWS,शिमला ।
किन्नौर, 5 अगस्त 2025

क्षेत्र में भारी बारिश के कारण किन्नौर कैलाश यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर भारी क्षति हुई है। टांगलिप्पी और कंगरांग में पुल बह जाने के साथ-साथ ट्रेकिंग रास्ते फिसलन भरे और भूस्खलन प्रभावित हो गए हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। इन हालातों को ध्यान में रखते हुए, जिला प्रशासन ने किन्नौर कैलाश यात्रा 2025 को अगले आदेश तक अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है।
किन्नौर जिले में भारी बारिश के कारण हालात गंभीर हो गए हैं। रिब्बा नाले में अचानक आई बाढ़ ने इलाके में तबाही मचा दी है, जिससे लोगों के बाग-बगीचे और संपत्तियों को भारी नुकसान हुआ है। नाले का पानी और मलबा रिहायशी इलाकों तक पहुँच गया है, जिससे लोग दहशत में हैं। लगातार बारिश के कारण स्थिति और भी चिंताजनक बनी हुई है।स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिए गए हैं। बाढ़ के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग 005 भी बंद हो गया है, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।1
प्रशासन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वर्तमान में यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को मिलिंग खड्ड और गुफा में सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है, और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम जनता से अपील की है कि जब तक कोई आधिकारिक सूचना न आए, यात्रा की योजना न बनाएं और यात्रा मार्ग पर जाने से बचें। यात्रियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।




