
IBEX NEWS,शिमला
मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच शिमला समेत हिमाचल के छह जिलों में झमाझम बारिश से भारी नुकसान हुआ है। बुधवार रात और वीरवार को भारी बारिश-भूस्खलन से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। जगह-जगह वाहन मलबे में दब गए हैं। पहाड़ी से गिरे पत्थर से चंबा में मणिमहेश यात्री और रामपुर में एक युवती की जान चली गई।

भारत चीन सीमावर्ती गांव छितकुल से एक किलोमीटर पीछे बोसरिंग में बादल फटने से बासपा में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हुई और नदी में झील बन गई ।हालांकि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है ।


मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शुक्रवार को चार जिलों कांगड़ा, शिमला, सोलन और सिरमौर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में भी कुछ क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। शनिवार से तीन दिन फिर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 16, 17 और 18 अगस्त को कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।

मंडी के सरकाघाट में चलती निजी बस पर पहाड़ी से मलबा गिरने से खिड़की तोड़कर यात्रियों को निकाला गया। ऊना में सात घंटे तक लगातार बारिश के चलते शहर में फिर पानी भर गया। सौ से ज्यादा घरों-दुकानों में पानी घुस गया। जलभराव से गुस्साए लोगों ने चंडीगढ़-धर्मशाला एनएच पर वाहन खड़े कर चक्का जाम कर दिया। वीरवार को जिले में सभी शिक्षण संस्थान बंद रहे। बारिश-भूस्खलन के चलते दो नेशनल हाईवे समेत प्रदेश भर में 470 सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। खराब मौसम के चलते कांगड़ा की तीन उड़ानें रद्द हो गईं।शिमला, मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना में पिछले 24 घंटों के दौरान बारिश-भूस्खलन से भारी नुकसान हुआ है। मंडी में धर्मपुर से सरकाघाट जा रही निजी बस भूस्खलन की चपेट में आ गई। बस में सवार 20 से अधिक यात्रियों को आपातकालीन खिड़की को तोड़कर सुरक्षित निकाला।


बुधवार देर शाम गानवी खड्ड में आई बाढ़ से रामपुर में दो बिजली परियोजनाओं में उत्पादन ठप हो गया है। कोटखाई के कोटूनाला और खलटूनाला में बाढ़ आने से घरों में मलबा घुस गया। कई वाहन मलबे में दब गए हैं।
पेट्रोल पंप को भी नुकसान पहुंचा है। शिमला शहर में जगह-जगह भूस्खलन और 20 से ज्यादा पेड़ गिरने से भवनों और गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है।
चंबा में गुई नाला में पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से मणिमहेश यात्रा पर निकले जम्मू-कश्मीर के डोडा निवासी देवेंद्र कुमार की मौत हो गई। हादसे के बाद प्रशासन ने श्रद्धालुओं की आवाजाही पर रोक लगा दी है। रामपुर उपमंडल के तकलेच के खोल्टी नाला में पहाड़ी से पत्थर गिरने से मीरा (20) की जान चली गई।अटल टनल मार्ग में स्नो गैलरी के समीप भूस्खलन के कारण मनाली-लेह सड़क यातायात के लिए अवरुद्ध हो गई है। लेह व लाहौल की ओर जाने वाले वाहनों को रोहतांग दर्रा होकर भेजा जा रहा है। कांगड़ा में बारिश से 24 घरों-दुकानों और 16 गोशालाओं को नुकसान पहुंचा है। कालका-शिमला हाईवे परवाणू से कैथलीघाट तक भूस्खलन के चलते बाधित रहा। विश्व धरोहर रेलवे ट्रैक पर कोटी रेलवे स्टेशन के समीप मलबा आ जाने से दो ट्रेनें देरी से शिमला पहुंचीं।




