
IBEX NEWS,शिमला ।
शिमला में विधानसभा सत्र में भाग लेने के बाद विधायक अनुराधा राणा ने बिना रुके सीधे लाहौल का रुख किया और शनिवार को कोकसर क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने हाल ही में आई बाढ़ से हुई क्षति का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। विधायक राणा ने अधिकारियों को नुकसान का सटीक आंकलन कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।





उन्होंने चंद्रा वैली के उन स्थानों का दौरा किया, जहां बाढ़ के कारण जन-जीवन प्रभावित हुआ है। मौके पर स्थानीय जनता से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें हरसंभव सहायता का आश्वासन भी दिया।
विधायक राणा ने कहा कि प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि नुकसान के मूल्यांकन के बाद पुनर्वास कार्यों में तेजी लाई जाए और राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा
विधानसभा सत्र से लौटते ही विधायक अनुराधा राणा ने लाहौल में बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण जारी रखा। शनिवार को उन्होंने पागल नाले का निरीक्षण किया, जहां हाल ही में भारी वर्षा के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया था।
इस दौरान विधायक ने बीआरओ अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने उनके फोनिक निर्देशों के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पागल नाले को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया। उन्होंने मौके पर कार्यरत टीम की तत्परता और समर्पण की सराहना की।
इसके बाद विधायक राणा ने लालिंग गांव का दौरा किया जहां बारिश के चलते सड़क का एक बड़ा हिस्सा ढह गया है। डंगा गिरने से खेतों और सिंचाई नहरों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को नुकसान का सटीक आंकलन कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। विधायक अनुराधा राणा ने स्थानीय जनता से संवाद करते हुए कहा कि इस मुश्किल घड़ी में वह और पूरा प्रशासन जनता के साथ खड़े हैं। कहा कि जनसुविधाओं की बहाली और राहत कार्यों में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता पहुंचाई जाएगी।





