
IBEX NEWS,शिमला ।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के डीन स्टूडेंट वेलफेयर (DSW) कार्यालय की ओर से आज विश्वविद्यालय छात्र केंद्रीय संघ (SCA) के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में कुलपति, प्रो. महावीर सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम में डीन ऑफ़ स्टडीज (DS) आचार्य बी के शिवराम, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर, आचार्य ममता मोक्टा, डीन प्लानिंग प्रो. जोगिन्दर सिंह धीमान भी उपस्थित रहे।
बैठक का उद्देश्य विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ विश्वविद्यालय के विकास योजनाओं और सुविधाओं से सम्बंधित चर्चा व् छात्रों की सहभागिता को और मजबूत बनाना रहा।

कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने एस सी ए के पदाधिकारियों के साथ बैठक के दौरान उनके द्वारा बताई गयी समस्याओं को विस्तार पूर्वक सुना और कुलपति ने सभी समस्याओं के निपटारे हेतु सम्बंधित अधिकारीयों को दिशानिर्देश दिए| कुलपति ने कहा कि — “छात्र ही विश्वविद्यालय के ब्रांड एम्बेसडर हैं।
विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के सजग छात्र की भूमिका के रूप में काम करना होगा और उनकी सफलता और सकारात्मक भागीदारी से ही विश्वविद्यालय की पहचान बनती है। उन्होंने कहा कि हम सभी विद्यार्थियों के लिए सदैव उपलब्ध हैं और आप किसी भी समस्या या सुझाव के लिए सीधे कुलपति, डीन ऑफ़ स्टडीज, या डीएसडब्ल्यू से संपर्क कर सकते हैं ।”
उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय के समग्र विकास के लिए लगभग 100 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिससे छात्रों को सभी आवश्यक शैक्षणिक, लैब, इक्विपमेंट, हॉस्टल का उचित रखरखाव और खेल सुविधाएँ उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने विश्वविद्यालय में उचित साफ़ सफाई, रख रखाव हेतु अधिकारीयों को दिशानिर्देश दिए|
कुलपति ने बताया कि आने वाले समय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को विदेश भ्रमण पर विश्वविद्यालय की ओर से भेजने की भी योजना है, ताकि वे छात्र राजदूत (Student Ambassador) के रूप में विदेशों में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ब्रांडिंग और प्रतिष्ठा को बढ़ावा दे सकें।
उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे विश्वविद्यालय के विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी करें और अनुशासन, परिश्रम एवं रचनात्मकता से विश्वविद्यालय का नाम रोशन करें।
इस अवसर पर डीन ऑफ़ स्टडीज (DS) आचार्य बी के शिवराम, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर, आचार्य ममता मोक्टा, डीन प्लानिंग प्रो. जोगिन्दर सिंह धीमान डीएसडब्ल्यू कार्यालय के अधिकारीगण सहित एससीए प्रतिनिधि मंडल एवं कई विद्यार्थी उपस्थित रहे।




