
IBEX NEWS,शिमला।
बिशप कॉटन स्कूल के पूर्व छात्र और हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को 25 से 35 वर्ष आयु वर्ग में ‘यंग अचीवर्स सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। स्कूल द्वारा आयोजित इस विशेष समारोह में उन्हें उत्कृष्ट नेतृत्व, सामाजिक योगदान और जनसेवा के प्रति समर्पण के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद विक्रमादित्य सिंह ने अपने प्रिय विद्यालय, शिक्षकों और सम्पूर्ण कॉटनियन परिवार के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनके स्कूल के संस्कारों और मार्गदर्शन की देन है और वे इस सम्मान को अपने विद्यालय परिवार को समर्पित करते हैं।
कार्यक्रम में कई पूर्व छात्र, शिक्षक और विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। समारोह का माहौल उत्साह, गौरव और उपलब्धियों के जश्न से भरा रहा।





