
IBEX NEWS,शिमला ।
लाहौल–स्पीति प्रशासन ने ऊपरी क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही ठंड, सड़कों पर जमा बर्फ और आगामी भारी बर्फबारी की आशंका को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-03 पर दो महत्वपूर्ण मार्गों—ग्राम्फू से रोहतांग पास और जिंग-जिंग बार से सर्चू—को 20 नवंबर 2025 से अगले आदेशों तक बंद करने के आदेश जारी किए हैं। उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) के अध्यक्ष किरण भड़ाना (IAS) द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि रोहतांग व बारालाचा दर्रों के क्षेत्र में अत्यधिक शीत लहर और बर्फ जमने के कारण सफर करना जोखिमपूर्ण हो गया है। प्रशासन के अनुसार, पिछली सर्दियों में हुईं घटनाओं से यह स्पष्ट है कि अचानक बर्फबारी के चलते कई यात्री इन दर्रों में फंस जाते हैं, जिनका बचाव कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण और खतरनाक साबित होता है।


सीमा सड़क संगठन (BRO) की 70 RCC द्वारा 13 नवंबर को भेजी गई रिपोर्ट में भी इन मार्गों को यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बंद रखने की सिफारिश की गई थी। आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 34 के तहत शक्ति का प्रयोग करते हुए DDMA ने इन मार्गों पर किसी भी प्रकार के यातायात को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दिया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि इन निर्देशों का उल्लंघन करने पर अधिनियम की धारा 51 के तहत कार्रवाई की जाएगी, जिसमें एक वर्ष तक के कारावास या जुर्माने, अथवा दोनों का प्रावधान है।
प्रशासन ने स्थानीय निवासियों, यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे इन मार्गों पर यात्रा की योजना न बनाएं और मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए सुरक्षित विकल्पों का उपयोग करें।




