
IBEX NEWS,shimlae
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने हिमाचल प्रदेश को 77 करोड़ 04 लाख रुपए की बड़ी सौगात दी है। जारी स्वीकृति पत्र के अनुसार प्रदेश में दो महत्वपूर्ण सड़क व पुल परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इसमें कुल्लू के पीरिड़ी (मोहाल) में ब्यास नदी पर बनने वाले 110 मीटर स्पैन वाले डबल लेन आधुनिक पुल को भी मंजूरी दी गई है, जिस पर 28 करोड़ 35 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। यह पुल प्रिडी से तलग़ी सड़क को जोड़कर क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा।
लोनिवि कुल्लू मंडल के अधिशाषी अभियंता बी.एस. नेगी ने बताया कि मई 2025 में इस परियोजना का डीपीआर राज्य सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार को भेजा गया था, जिसे अब आधिकारिक मंजूरी मिल गई है। मंत्रालय ने इस स्वीकृति को वार्षिक CRIF (सेतु बंधन) योजना के तहत प्रदान किया है।
इसके अलावा ऊना जिले के लल्लीवाल चौक से जाईंट मोड़ तक सड़कों व पुलों के सुदृढ़ीकरण के लिए 48 करोड़ 69 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
कुल मिलाकर, इन दोनों परियोजनाओं के लिए स्वीकृत राशि 77.04 करोड़ रुपए है।
केंद्र सरकार की यह सौगात प्रदेश में सड़क ढांचे को आधुनिक बनाने और बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध करवाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




