
बिना अनुमति संचालित जिप लाइन व अन्य एडवेंचर गतिविधियां बंद, चार संचालकों को नोटिस जारी
शिमला, 20 दिसंबर 2025
IBEX NEWS,शिमला
पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग ने नारकंडा क्षेत्र के झमुण्डा और सिद्धपुर में अवैध रूप से संचालित साहसिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की है। जिला पर्यटन विकास अधिकारी (डीटीडीओ) शिमला जगदीश शर्मा ने औचक निरीक्षण के दौरान बिना अनुमति चल रही जिप लाइन तथा अन्य विविध साहसिक गतिविधियों को तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया।



जगदीश शर्मा ने बताया कि साहसिक गतिविधियों के सुरक्षित एवं विधिसम्मत संचालन हेतु पर्यटन विभाग द्वारा लाइसेंस जारी किया जाता है, जो सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों, तकनीकी निरीक्षण और नियमों की पूर्ति के उपरांत ही प्रदान किया जाता है। निरीक्षण के दौरान चार संचालकों को नोटिस जारी करते हुए निर्देश दिए गए हैं कि वे सात दिनों के भीतर अवैध रूप से स्थापित सभी उपकरणों को हटाना सुनिश्चित करें। इस संबंध में कोटगढ़ वन विभाग को भी सूचित किया गया है, ताकि वन भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध ढांचे या उपकरण स्थापित न किए जा सकें।
उन्होंने कहा कि बिना विधिक अनुमति एवं पंजीकरण के जिप लाइन व अन्य साहसिक गतिविधियों का संचालन हिमाचल प्रदेश विविध साहसिक गतिविधि नियम-2017 एवं संशोधित नियम-2021 का स्पष्ट उल्लंघन है। ऐसी गतिविधियां न केवल गैरकानूनी हैं, बल्कि पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों की जान के लिए गंभीर खतरा भी उत्पन्न करती हैं।
पर्यटन विभाग ने स्पष्ट किया कि किसी भी साहसिक गतिविधि के संचालन के लिए विधिक अनुमति, तकनीकी जांच, सुरक्षा प्रमाणन, प्रशिक्षित स्टाफ तथा बीमा और सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। बिना अनुमोदन संचालित गतिविधियों पर कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
जगदीश शर्मा ने यह भी बताया कि माननीय हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा इस विषय पर सख्त निर्देश जारी किए गए हैं, जिसके तहत प्रदेशभर में बिना अनुमति संचालित साहसिक गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर गतिविधि स्थल को सील करने, जुर्माना लगाने अथवा कानूनी दंड की कार्रवाई की जाएगी।
पर्यटन विभाग ने सभी साहसिक गतिविधि संचालकों से अपील की है कि वे नियमों के अनुसार पंजीकरण एवं अनुमति प्राप्त कर ही गतिविधियों का संचालन करें, ताकि सुरक्षित पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सके।




