
चरणों में होगा शीतकालीन अवकाश, 29 जनवरी और 21 जनवरी को कॉमन डे, सीनियर रेजिडेंट्स की छुट्टियां 20 फरवरी तक
IBEX NEWS,शिमला
हिमाचल प्रदेश के प्रमुख सरकारी अस्पतालों और मेडिकल संस्थानों में डॉक्टरों का शीतकालीन अवकाश 22 दिसंबर से शुरू होने जा रहा है। इसके तहत डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान चिकित्सा महाविद्यालय टांडा, इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) शिमला, कमला नेहरू अस्पताल और अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान चमियाणा में चरणबद्ध तरीके से विंटर वेकेशन लागू किया जाएगा।
जारी शेड्यूल के अनुसार पहले चरण का शीतकालीन अवकाश 22 दिसंबर से शुरू होकर 28 जनवरी तक रहेगा। वहीं, दूसरा चरण 30 जनवरी से आठ मार्च तक चलेगा। 29 जनवरी को कॉमन डे रखा गया है, जिस दिन पहले चरण में अवकाश पर गए डॉक्टर अपनी जिम्मेदारी दूसरे चरण में कार्यभार संभालने वाले चिकित्सकों को सौंपेंगे, ताकि मरीजों की सेवाएं प्रभावित न हों।
इसके अलावा सीनियर रेजिडेंट्स की छुट्टियां भी 22 दिसंबर से शुरू होंगी, जो 20 फरवरी तक चलेंगी। सीनियर रेजिडेंट्स के पहले बैच का अवकाश 22 दिसंबर 2025 से 20 जनवरी तक निर्धारित किया गया है, जबकि दूसरा बैच 22 जनवरी से 20 फरवरी तक शीतकालीन अवकाश पर रहेगा। 21 जनवरी को इनके लिए कॉमन डे रखा गया है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि शीतकालीन अवकाश के दौरान सभी अस्पतालों में चिकित्सा सेवाएं सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।




