
IBEX NEWS,शिमला, 22 दिसंबर 2025
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा परवाणू–सोलन खंड पर स्थित सनवारा टोल प्लाजा की संशोधित टोल दरें आज 22 दिसंबर से लागू हो गई हैं। यह दरें 21 दिसंबर की मध्यरात्रि (00:00 बजे) से प्रभावी की गई थीं, जिसका असर आज से वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है।
एनएचएआई के अनुसार यह संशोधन एनएच-22 (नया एनएच-05) के किमी 67.000 से किमी 106.139 तक के हिस्से पर लागू किया गया है। परवाणू–सोलन मार्ग की कुल 36.927 किलोमीटर लंबाई के लिए नई दरें तय की गई हैं, जबकि चक्की मोड़–दत्यार और सोलन–कैथलीघाट के कुछ हिस्सों को शुल्क गणना से बाहर रखा गया है।
संशोधित शुल्क के तहत कार, जीप, वैन व हल्के मोटर वाहनों के लिए एकल यात्रा का टोल 110 रुपये, एक दिन में वापसी यात्रा का शुल्क 165 रुपये तथा 50 यात्राओं के लिए मासिक पास 3675 रुपये तय किया गया है। हल्के वाणिज्यिक वाहन और मिनी बस के लिए एकल यात्रा शुल्क 180 रुपये, बस व ट्रक (दो एक्सल) के लिए 375 रुपये तथा भारी व बहु-एक्सल वाहनों के लिए टोल शुल्क और अधिक निर्धारित किया गया है।
एनएचएआई ने स्पष्ट किया है कि स्थानीय जिले में पंजीकृत वाणिज्यिक वाहनों को निर्धारित नियमों के तहत रियायती दरों का लाभ मिलता रहेगा। टोल वसूली के साथ-साथ सनवारा टोल प्लाजा परिसर एवं आसपास के शौचालय ब्लॉकों के रखरखाव की जिम्मेदारी भी एजेंसी की होगी।
नई दरों के लागू होने से जहां सड़क रखरखाव व सुविधाओं में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं दैनिक रूप से इस मार्ग से सफर करने वाले वाहन चालकों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।




