
दिल्ली में कांग्रेस का मंथन, संगठन और रणनीति पर फोकस
IBEX NEWS NETWORK
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की अहम बैठक में शिरकत की। बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत शीर्ष नेतृत्व मौजूद रहा। CWC बैठक को संगठनात्मक मजबूती, आगामी राजनीतिक रणनीति और देश-प्रदेश से जुड़े अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श के लिहाज़ से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




सीएम सुक्खू की इस बैठक में मौजूदगी को हिमाचल के राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों को राष्ट्रीय मंच पर रखने के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार बैठक में संगठन को ज़मीनी स्तर पर मज़बूत करने, जनसरोकारों को प्राथमिकता देने और आने वाले चुनावी चुनौतियों पर व्यापक चर्चा हुई।
कांग्रेस नेतृत्व ने साफ संकेत दिए कि पार्टी आंतरिक एकजुटता और अनुशासन के साथ आगे बढ़ेगी। CWC की यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब विभिन्न राज्यों में राजनीतिक हलचल तेज़ है और पार्टी रणनीतिक तौर पर खुद को फिर से मज़बूत करने में जुटी है।




