
IBEX NEWS,shimla
प्रदेश सरकार ने नए साल की शुरुआत पुलिस विभाग के लिए खुशखबरी के साथ की है। पुलिस विभाग में कुल 82 पुलिस कर्मियों को पदोन्नति दी गई है। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय की ओर से पदोन्नति आदेश जारी कर दिए गए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार, एएसआई, सब इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल को उनके उच्च पदों पर इन-सिटू (कार्यवाहक) पदोन्नति प्रदान की गई है।
पदोन्नति आदेशों के तहत अपर स्कूल कोर्स पूरा कर चुके और प्रमोशन सूची ई-वन में शामिल 35 एएसआई को कार्यवाहक सब इंस्पेक्टर के पद पर पदोन्नत किया गया है। ये अधिकारी शिमला, मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर, ऊना, चंबा, कुल्लू, सिरमौर, बिलासपुर, स्टेट सीआईडी, आईआरबीएन बटालियन सहित अन्य इकाइयों में सेवाएं दे रहे हैं।

इसके अलावा, इंटरमीडिएट स्कूल कोर्स पूर्ण कर चुके और प्रमोशन सूची डी-वन में शामिल 40 हेड कांस्टेबलों को कार्यवाहक एएसआई के पद पर पदोन्नति दी गई है। ये पदोन्नतियां भी विभिन्न जिलों और विशेष इकाइयों में तैनात कर्मियों को दी गई हैं।
वहीं, सात सब इंस्पेक्टरों को कार्यवाहक इंस्पेक्टर के पद पर पदोन्नत किया गया है। इनमें मंडी, कुल्लू, शिमला, हमीरपुर और आईआरबीएन में तैनात अधिकारी शामिल हैं।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी पदोन्नतियां विभागीय पदोन्नति समिति की सिफारिशों के आधार पर की गई हैं। साथ ही, संबंधित अधिकारियों की स्थायी तैनाती के आदेश अलग से जारी किए जाएंगे। पदोन्नति इस शर्त के अधीन होगी कि संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कोई प्रतिकूल रिकॉर्ड न हो।
इन पदोन्नति आदेशों को डीजीपी अशोक तिवारी द्वारा जारी किया गया है।




