
सुंदरनगर के निहरी क्षेत्र में ड्रोन से मिला 10वीं की छात्रा का शव, एक हफ्ते बाद भी मौत की वजह सस्पेंस में
IBEX NEWS,शिमला
मंडी जिला के सुंदरनगर उपमंडल की एक 10वीं कक्षा की छात्रा, जो बीते छह दिनों से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता थी, उसका शव निहरी क्षेत्र के दुर्गम जंगल से बरामद हुआ है। ड्रोन के माध्यम से चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने छात्रा के शव को खोज निकाला। शव की हालत बेहद क्षत-विक्षत बताई जा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार निहरी निवासी भुवन देव की नाबालिग बेटी 30 दिसंबर को घर से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। इसके बाद 1 जनवरी को परिजनों ने पुलिस थाना बीएसएल कॉलोनी में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज करवाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडी पुलिस ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। दुर्गम और घने जंगलों को देखते हुए ड्रोन की सहायता ली गई, जिसके बाद मंगलवार को जंगल से छात्रा का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही छात्रा की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामला संदिग्ध बना हुआ है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। छात्रा की मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।




