
भारत मंडपम, नई दिल्ली में IIAS शिमला के शोध प्रकाशनों को मिल रहा व्यापक पाठक वर्ग का सराहना
IBEX NEWS,शिमला
नई दिल्ली में आयोजित विश्व पुस्तक मेला 2026 के अंतर्गत भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान (IIAS), राष्ट्रपति निवास, शिमला के स्टॉल का आज भव्य एवं विधिवत उद्घाटन किया गया। संस्थान के निदेशक प्रोफेसर हिमांशु कुमार चतुर्वेदी ने फीता काटकर स्टॉल का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर संस्थान के सचिव श्री मेहर चंद नेगी, भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR) के सदस्य सचिव प्रोफेसर धनंजय सिंह, राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (NIOS) के अध्यक्ष प्रोफेसर अखिलेश मिश्रा तथा भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. अखिलेश पाठक सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
उद्घाटन के उपरांत निदेशक प्रोफेसर चतुर्वेदी ने संस्थान के स्टॉल का अवलोकन किया और प्रदर्शित पुस्तकों एवं शोध प्रकाशनों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान द्वारा प्रकाशित ग्रंथ मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान के विविध अनुशासनों में गहन, मौलिक और अंतरविषयी शोध को प्रोत्साहित करते हैं तथा भारतीय बौद्धिक परंपरा को समकालीन राष्ट्रीय एवं वैश्विक विमर्श से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।
संस्थान का स्टॉल हॉल संख्या 2 एवं 3, स्टॉल संख्या Q-12 में स्थापित किया गया है, जहां इतिहास, दर्शन, साहित्य, संस्कृति, समाजशास्त्र, राजनीति, अंतरराष्ट्रीय अध्ययन एवं समकालीन सामाजिक विषयों पर आधारित उच्च स्तरीय शोधपरक पुस्तकों का प्रदर्शन किया गया है। यह स्टॉल शोधार्थियों, शिक्षकों, विद्वानों और गंभीर पाठकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
विश्व पुस्तक मेला 2026 में सहभागिता के माध्यम से भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान का उद्देश्य अपने अकादमिक प्रकाशनों को व्यापक पाठक वर्ग तक पहुँचाना, शोध-संस्कृति को सुदृढ़ करना तथा ज्ञान, विचार और बौद्धिक संवाद की भारतीय परंपरा को और अधिक सशक्त बनाना है। संस्थान का स्टॉल 10 से 18 जनवरी 2026 तक पुस्तक प्रेमियों के लिए खुला रहेगा।




