
IBEX NEWS,शिमला
अर्की बाजार में सोमवार सुबह करीब 2 बजे भीषण अग्निकांड में 5 बच्चों व 2 महिलाओं सहित 9 लोग जिंदा जल गए। आग इतनी भयानक थी कि जिंदा जले लोगों के शरीर के जले हुए पार्ट्स मिल रहे हैं। अभी तक 8 वर्षीय एक बच्चे समेत 3 शव बरामद किए गए हैं। यही नहीं मौके पर कुछ शरीर के पार्ट्स भी मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए एफ.एस.एल. जुन्गा भेजा गया है। इस अग्निकांड में अकाल मौत का ग्रास बने 10 लोगों में एक बिहारी मूल का 8 वर्षीय बालक व शेष 9 लोग नेपाली मूल के थे। यही नहीं इस अग्निकांड में 5 दुकानें भी राख हो गईं। करोड़ों रुपए का सामान खाक हो गया। आग इतनी भयानक थी कि दमकल विभाग को आग पर काबू पाने के लिए 9 घंटे का समय लग गया। स्थिति को गंभीर देखते हुए अर्की के अलावा दाड़लाघाट व बालुगंज से अग्निशमन वाहन अर्की पहुंच गए। एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचते ही राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया।
डीसी सोलन मनमोहन शर्मा के मुताबिक आगजनी की इस घटना में दो लोग घायल भी हुए है जिनका सोलन अर्की अस्पताल में ईजाल चल रहा है। प्रभावितों को फौरी राहत देने की निर्देश दिए गए हैं। एएसपी सोलन राज कुमार ने कहा कि शवों के टुकड़े -टुकड़े मिल रहे हैं। राहत व बचाव कार्य तेजी से चल रहा है लेकिन शव बुरी तरह से जल चुके है । ऐसे में इन्हें निकालने व पहचान पाने में दिक्कतें आ रही हैं।
बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी आधी रात को ही वहां पर पहुंच गए और आग बुझाने में मदद करने लगे। प्रशासन ने दाड़लाघाट व बालुगंज से भी दमकल विभाग की टीम को अग्निशमन गाड़ियों के लिए कॉल किया। यह दोनों टीमें समय रहते मौके पर पहुंच गईं। सुबह करीब 11 बजे आग पर काबू पाया गया। इसके बाद एस.डी.आर.एफ. की टीम ने राहत व बचाव कार्य शुरू किया। मौके पर 8 वर्षीय बच्चे सहित 3 शव बरामद किए। 2 शव तो क्षत-विक्षत थे। इसके अलावा भी कुछ शरीर के पार्ट्स मिले हैं। एफ.एस.एल. जुन्गा की टीम ने इनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं।
इस अग्निकांड में कपड़ों की 2 दुकानें, एक जूते की दुकान, एक करियाना स्टोर तथा एक घड़ी की दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई। दुकानों में रखा सारा सामान जलने से व्यापारियों को भारी आर्थिक नुक्सान हुआ है। इमारत की ऊपरी मंजिल पर 2 नेपाली और एक बिहारी परिवार रहता था। इस दर्दनाक हादसे में बिहारी परिवार के एक 8 वर्षीय मासूम की जिंदा जलकर मौत हो गई है और 5 बच्चों व 2 महिलाओं सहित 9 नेपाली मूल के लोगों की मौत हो गई है।
ठेकेदार मोहनलाल के अनुसार इस इमारत में प्रवासियों नेपालियों के 2 परिवार रहते थे, जोकि कुल 9 प्रवासी थे, जिनमें 2 महिलाएं (टीका, कविता), 2 पुरुष (धन बहादुर, कांशीराम) व 5 बच्चे (राधा, रेणुका, अन्नू, सुनील व 2 वर्षीय लड़का) शामिल थे, जिनकी जिंदा जलने से मौत हुई है।
एडीसी सोलन राहुल जैन ने बताया कि 9 लोगों की तलाश में पूरा दिन राहत व बचाव कार्य चला। अभी तक 3 शव बरामद हुए हैं। कुछ शरीर के पार्ट्स भी मौके से मिले हैं। अब यह जांच से पता चलेगा कि यह एक व्यक्ति या इससे अधिक लोगों के हैं।
उधर, एसडीएम अर्की निशांत तोमर ने बताया कि नौ लोगों को लापता की सूची में डाला गया है जबकि एक शव निकाल लिया गया है इसकी पहचान भी हो गई हैं। यह आठ साल का प्रियांश हैं।
गौरतलब हो कि अर्की के पुराने बस स्टैंड के पास यूको बैंक के पास नीचे एक पुरानी बिल्डिंग थी जो लकड़ी की बनी थी। समझा जा रहा था कि यहां पर रह रहे परिवारों ने ठंड से बचने के लिए अंगीठी जलाई होगी। इसी से रात को आग भड़क गई। आग की चपेट में रसोई गैस सिलेंडर चपेट में आ गए और धमाका हो गया । जब लोगों की नींद टूटी और बाहर आकर देखा तो हाहाकार मच गया। तमाम लोग घटना स्थल की ओर दौड़ गए। चूंकि ये दुकानें पुरानी थी व लकड़ी की बनी हुई थी। ऐसे में बचाव करने वालों को संभलने का ज्यादा मौका नहीं मिला।
अग्निशमन विभाग मुताबिक रात को 2बज कर 55 मिनट पर अर्की अग्निशमन चौकी में आग लगने की जानकारी मिली । इसके बाद तुरंत दो वाहनों को मौके के लिए रवाना किया गया। आगजनी की घटना की जानकारी मिलते ही जिला सोलन की तमाम दमकल मशीनरी को अलर्ट कर दिया गया व बालूगंज से भी दमकल वाहनों को तुरंत घटनास्थल तक रवाना कर दिया गया।
सोलन, नालागढ़, स्पाठू के स्मीप बनलंगी और दाड़लाघाट अंबुजा सीमेंट कारखाने के दमकल वाहनों को तुरंत घटना स्थल तक भेजा गया लेकिन तब तक आग एक दुकान से दूसरी दुकान और दूसरी से तीसरी दुकान तक पहुंच चुकी थी।आखिर सुबह तक आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया लेकिन तब तक दो परिवार के दस सदस्य आग की भेंट चढ़ चुके थे।
इतनी मौतों की जानकारी मिलने पर पूरे अर्की बाजार ही नहीं जिला सोलन व पूरे प्रदेश में हाहाकार मच गया।
रात भर जिला प्रशासन के अलावा स्थाानीय लोग भी आग को काबू करने में पूरी तरह से जुट गए लेकन दर्जन भर से ज्यादा दुकानों को बचाया नहीं जा सका।
शुरूआती जानकारी के मुताबिक करोड़ों रुपयों का नुकसान होने की संभावना है। मृतकों में दो दंपतियों के अलावा तीन बच्चे भी शामिल है। इसके अलावा तेरह बाकी दुकानें भी आग की भेंट चढ़ गई है। आगजनी की इस घटना में करोड़ों रुपयों का नुकसान होने का अंदेशा जताया जा रहा है।उधर, जिला सोलन से पूरा प्रशासनिक अमला और स्थानीय विधायक संजय अवस्थी व बाकी नेता मौके पर पहुंचे ।




