“संविधान ने दिया है आवाज उठाने का अधिकार, दमन से नहीं दबेगी युवा शक्ति”
IBEX NEWS,dhimla/नई दिल्ली, 26 फरवरी 2026।
हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर ने दिल्ली में देशभर से पहुंचे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब की गिरफ्तारी के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों के हनन का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई संवैधानिक भावना के अनुरूप नहीं है।
छतर सिंह ठाकुर ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार देता है। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास प्रतीत होती है। उन्होंने कहा, “सत्य की हमेशा जीत होती है। दमनकारी नीतियों से युवा शक्ति को नहीं रोका जा सकता।”
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई कर रही है, जिससे जनता को गुमराह किया जा सके। युवा कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह लोकतंत्र, संविधान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता चंदन राणा, प्रदेश महासचिव डॉ. रणजीत वर्मा, महासचिव राघव ठाकुर तथा प्रदेश सचिव तुषार स्तान सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब को बिना शर्त रिहा किया जाए और लोकतांत्रिक अधिकारों पर अंकुश लगाने की कोशिशें तुरंत बंद की जाएं।




