
IBEX NEWS,शिमला/रिकांगपिओ, 26 फरवरी 2026
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ज्ञाबुंग में राज्य उद्योग विभाग द्वारा आज यहां उद्यमिता विकास शिविर का आयोजन किया गया।
जिला उद्योग महाप्रबंधक श्री गुरु लाल नेगी ने बताया कि
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देना, महिलाओं एवं युवाओं को स्वरोज़गार हेतु प्रेरित करना तथा उन्हें व्यावसायिक एवं वित्तीय रूप से सशक्त बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान बिज़नेस मॉडल कैनवास जैसे महत्वपूर्ण विषय पर विस्तृत प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को व्यवसाय की योजना, ग्राहक वर्ग का चयन, लागत संरचना एवं राजस्व मॉडल से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। इस कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, विद्यालय के विद्यार्थियों एवं स्टाफ सहित लगभग 65 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।


मुख्य अतिथि श्री गुरुलाल नेगी ने प्रतिभागियों को जिला उद्योग केंद्र द्वारा संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं, अनुदान, सब्सिडी तथा उद्यम स्थापना से संबंधित प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की और महिलाओं एवं युवाओं को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण सत्रों के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न सरकारी सहायता योजनाओं, बैंकिंग एवं ऋण सुविधाओं, व्यवसाय विस्तार तथा वित्तीय अनुशासन एवं प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं। कार्यक्रम को लेकर महिलाओं एवं युवाओं में विशेष उत्साह एवं जागरूकता देखने को मिली।
जिला उद्योग प्रबंधक ने बताया कि जनजातीय जिला किन्नौर में समय-समय पर राज्य उद्योग विभाग द्वारा ग्रामीण उद्यमिता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं ताकि स्थानीय युवा उद्यमशीलता के प्रति रुख करें और प्रदेश की सकल घरेलू उत्पाद में अपना योगदान दे सकें।




