
पुरबनी गांव के है 53 वर्षीय धार्मिक गुरु जो मंगलवार शाम से लापता है,परिवार और स्थानीय लोग परेशान — पुलिस से तत्काल सुराग की अपील
IBEX NEWS,शिमला
स्पीति क्षेत्र के पुरबनी गांव से जुड़ी एक चिंताजनक खबर सामने आई है। गांव के हेड लामा, लगभग 53 वर्षीय दोरजे नामग्याल, मंगलवार शाम से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं। उनके अचानक गायब होने से पूरे क्षेत्र में बेचैनी और चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, दोरजे नामग्याल अपने लापता होने से एक दिन पहले सोमवार को पीजीआई गए थे। इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिजन, स्थानीय ग्रामीण और मठ से जुड़े श्रद्धालु लगातार उनकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
दोरजे नामग्याल न केवल एक धार्मिक गुरु हैं, बल्कि स्पीति क्षेत्र में आध्यात्मिक मार्गदर्शक के रूप में भी सम्मानित माने जाते हैं। उनके लापता होने की खबर से श्रद्धालुओं में गहरी चिंता व्याप्त है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी को दोरजे नामग्याल के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या दिए गए संपर्क नंबर पर सूचना दें।
समूचा क्षेत्र अपने आध्यात्मिक मार्गदर्शक की सुरक्षित वापसी की दुआ कर रहा है।




