
NDPS Case Update | बैंक खातों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच से खुली सप्लाई चेन की परतें
IBEX NEWS,शिमला
रोहड़ू में 83 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामदगी मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। थाना रोहड़ू में मुकदमा नंबर 5/26, दिनांक 2 फरवरी 2026 को दर्ज किया गया था, जब मेहंदली पुल (रोहड़ू) के पास पंजाब निवासी दो युवकों—जशनदीप सिंह और धर्मप्रीत सिंह—को 83 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया गया था। यह मामला NDPS Act के तहत दर्ज है।
डिजिटल जांच से खुला नेटवर्क
प्रारंभिक गिरफ्तारी के बाद पुलिस जांच टीम ने आरोपियों के बैंक खातों और डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि नशे की खेप चिड़गांव क्षेत्र के कुछ लोगों द्वारा मंगवाई गई थी।
इसके आधार पर 10 फरवरी 2026 को थाना रोहड़ू पुलिस ने चिड़गांव के गांव ख़शधार, गोस्कवाड़ी और सुंधा के तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। आगे की कार्रवाई में गिरोह के मुख्य सरगना विजेन्द्र उर्फ छोट्टू (निवासी सुंधा, चिड़गांव) को भी दबोच लिया गया।
पंजाब तक पहुंची जांच, सप्लायर गिरफ्तार
अगामी छानबीन में पुलिस टीम ने सप्लाई चेन को ट्रेस करते हुए पंजाब के Ferozepur में दबिश दी। पंजाब पुलिस की सहायता से इस गिरोह के कथित मुख्य सप्लायर हरदीप को गिरफ्तार कर लिया गया।
अब तक 7 गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार इस पूरे नेटवर्क में अब तक कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सभी से पूछताछ जारी है और पुलिस इस अंतरराज्यीय नेटवर्क के अन्य कड़ियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं को नशे के जाल में फंसाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




