
जुब्बल क्षेत्र में दहशत फैलाने की कोशिश, पुलिस जांच में हथियार नहीं बल्कि पिस्टलनुमा लाइटर बरामद
IBEX NEWS,शिमला
जिला पुलिस शिमला ने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति पिस्टल जैसी वस्तु दिखाते हुए दूसरे व्यक्ति को जान से मारने की धमकी देता हुआ दिखाई दे रहा था, जिससे क्षेत्र में डर और दहशत का माहौल बनने की आशंका पैदा हो गई थी।
पुलिस के अनुसार 5 मार्च 2026 को थाना जुब्बल में फेसबुक पर वायरल इस वीडियो के संबंध में अभियोग संख्या 13/2026 दर्ज किया गया। प्रारंभिक जांच के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351 और 352 तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 25 और 30 के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी विजय कुमार उर्फ सैम, पुत्र गोवर्धन दास, निवासी गांव पत्थर नाला (झालड़ी), डाकघर डीम, तहसील जुब्बल, जिला शिमला को जांच में शामिल किया। पुलिस टीम ने आरोपी के घर की विधिवत तलाशी ली, जिसमें एक पिस्टल जैसी दिखने वाली वस्तु और एक मोबाइल फोन सिम कार्ड सहित बरामद किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद पिस्टलनुमा वस्तु असली हथियार नहीं बल्कि एक लाइटर है, जिसे वीडियो में हथियार की तरह दिखाकर लोगों में डर का माहौल पैदा करने की कोशिश की गई थी। बरामद लाइटर और मोबाइल फोन को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से डर या दहशत फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।




