
जिला पुलिस शिमला ने अलग-अलग थानों में दर्ज मामलों की जांच तेज की, आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई शुरू
IBEX NEWS,शिमला
जिला पुलिस शिमला ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज तीन मामलों में जांच तेज कर दी है। इन मामलों में BSNL टॉवर से तार चोरी, चेक बाउंस के बाद धमकी देने और मारपीट की घटनाएं शामिल हैं।
पहले मामले में थाना ठियोग में FIR नंबर 28/26 धारा 303(2), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता नरेश कुमार निवासी बरागली ने बताया कि उनके भाई सुरेश, जो टेलीकॉम टेक्नीशियन हैं, को सूचना मिली कि बरागली क्षेत्र में BSNL टॉवर काम नहीं कर रहा है। जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि सुमित निवासी करयाल टॉवर के पास खड़ा था और एक अन्य व्यक्ति टॉवर पर चढ़कर तार काट रहा था। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम मुकेश कुमार निवासी केलवी बताया। दोनों आरोपियों ने टॉवर से तार चोरी कर लिए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दूसरे मामले में थाना न्यू शिमला में FIR नंबर 12/26 धारा 281 और 125(a) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता महेश वर्मा निवासी सुमंगल निवास फेज-3 न्यू शिमला ने आरोप लगाया कि 2 जनवरी 2026 को राजिंदर कुमार ने उनकी कार को टक्कर मार दी थी, जिसमें उन्हें पैर में चोट आई। उस समय समझौते के तहत 4.80 लाख रुपये देने की बात तय हुई थी, लेकिन आरोपी ने 1.20 लाख रुपये का चेक देने के बाद भुगतान रोक दिया और अब धमकियां दे रहा है। आरोप है कि वह अपने पिता धनी राम के साथ मिलकर पीड़ित को घर पर परेशान कर रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तीसरे मामले में थाना ईस्ट शिमला में FIR नंबर 26/25 धारा 115(2) और 126(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता तपिंदर कुमार निवासी मंडोली ने बताया कि वह एयरटेल में मेंटेनेंस का काम करता है। ड्यूटी खत्म करने के बाद वह अपने दोस्तों पवन और चिंटू के साथ विकासनगर गया था। वहां से मेहली की ओर जाते समय उन्होंने आल्टो कार (HP-63-B-3821) में लिफ्ट ली। रास्ते में चालक शिवा टेंपल के पास उनसे बहस करने लगा और मारपीट कर दी, जिसमें वे घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जिला पुलिस शिमला ने बताया कि सभी मामलों में कानूनी कार्रवाई जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



