
IBEX NEWS,शिमला। शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए जिला पुलिस ने पीक आवर्स के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष निगरानी शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिमला के निर्देश पर अब शहर के सभी थाना प्रभारी (SHO) खुद सड़कों पर उतरकर ट्रैफिक संचालन की कमान संभाल रहे हैं।

दरअसल सुबह के समय लोग अपने दफ्तरों और बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए निकलते हैं, जबकि दोपहर बाद स्कूलों की छुट्टी और कार्यालयों से घर लौटने वाले लोगों के कारण सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में कई जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है।
इसी चुनौती से निपटने के लिए शिमला शहर के विभिन्न बॉटलनेक्स पर SHO रोजाना सुबह 09:00 बजे से 10:30 बजे और शाम 04:30 बजे से 06:00 बजे तक स्वयं ट्रैफिक व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। इस दौरान वे ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय बनाकर वाहनों की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने और जाम की स्थिति को समय रहते नियंत्रित करने का काम कर रहे हैं।
जिला पुलिस शिमला का कहना है कि शहर के निवासियों और पर्यटकों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यातायात उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। पीक आवर्स के दौरान पुलिस की बढ़ी हुई मौजूदगी से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र को और अधिक मजबूत किया जा रहा है।
शिमला पुलिस ने नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन करने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।



