
IBEX NEWS,शिमला
थाना सुन्नी की पुलिस ने बसंतपुर क्षेत्र में एक युवक की हत्या के मामले को शव खोदकर निकालने के बाद सुलझा लिया। होली की रात लापता हुए युवक का शव पुलिस ने जमीन खोदकर बरामद किया था। अब मुख्य आरोपी को बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या के 21 दिन बाद आरोपी पुलिस के हाथ लगा।
बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी चतुरी राम ने थाना सुन्नी में अपने बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उनका बेटा बसंतपुर में किराए के कमरे में रहकर मकान निर्माण का काम करता था। होली के दिन से वह लापता था और उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा था। परिजनों ने काफी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद पिता थाना सुन्नी पहुंचे और गुमशुदगी दर्ज करवाई।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की। जांच टीम ने सबसे पहले लापता युवक के साथ रहने वाले साथियों से पूछताछ की। साथ ही मोबाइल वार्ता का ब्योरा खंगाला और तकनीकी माध्यमों से जानकारी जुटाई। पड़ताल में पता चला कि लापता युवक का उसी काम में लगे अरुण नाम के व्यक्ति से विवाद था। अरुण ही बसंतपुर में दौलत राम के मकान का ठेका ले रखा था और दोनों एक ही मकान में किराए पर रहते थे। होली वाले दिन देर रात इनके बीच लड़ाई-झगड़ा हुआ था। इसके बाद से ही युवक गायब था।
पुलिस को पक्की आशंका हुई कि अरुण ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक का अपहरण कर लिया और उसकी हत्या कर दी। संदेह के आधार पर पुलिस टीम ने बसंतपुर क्षेत्र में ही तलाश शुरू की। जल्द ही एक जगह से शव को खोदकर निकाला गया। शिनाख्त के बाद मामले की गंभीरता साफ हो गई। आरोप है कि हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए शव को दफना दिया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी अरुण कुमार को बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से दबोच लिया। आरोपी मूल रूप से पूर्वी चंपारण जिले के देवी छपरा गांव का निवासी है। होली वाली रात हुई हत्या के बाद वह लगभग तीन सप्ताह तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। अब उसके साथियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने इस मामले में भा.न.सं. की धारा 103, 140(1) व 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूर्व योजना के तहत युवक का अपहरण किया, फिर हत्या कर शव को दफना दिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
3-4 मार्च होली की रात विवाद, युवक लापता
15 मार्च पिता ने थाना सुन्नी में गुमशुदगी दर्ज करवाई
23 मार्च पुलिस ने बसंतपुर से शव खोदकर बरामद किया
25 मार्च मुख्य आरोपी बिहार से गिरफ्तार (हत्या के 21 दिन बाद)



